Delhi Election: दिल्ली चुनावों में नीतीश की होगी एंट्री! JDU सांसद का बड़ा खुलासा, केजरीवाल को लेकर कही बड़ी बात
JDU सांसद और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी बात कही है। साथ ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
- भारत
- 2 min read

Delhi Assembly Election: राजधानी दिल्ली में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) सत्ता में काबिज रहने के लिए अभी से तैयारियों में जुट गई है। दिल्ली में सत्ता की कुर्सी तय करने में बिहार और पूर्वांचल के लोगों का भी अहम योगदान होता है, क्योंकि बड़ी संख्या में दोनों प्रदेश के लोग यहां रहते हैं। केजरीवाल इस वर्ग के लोगों को भी साधने में जुटे हैं। दिल्ली में AAP का सीधा मुकाबला BJP से होने वाला है। इस बीच JDU की ओर से दिल्ली चुनाव को लेकर बड़ी घोषणा की गई है।
JDU सांसद और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी बात कही है। साथ ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप भी लगाया है। ललन सिंह ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव NDA के साथ गठबंधन में JDU लड़ेगी। जबकि बिहार में 2025 का चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(NDA) लड़ेगा।
अरविंद केजरीवाल मौकापरस्त हैं- ललन सिंह
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा,"आजकल अरविंद केजरीवाल का पूर्वांचल के लोगों के प्रति प्यार जाग रहा है। असलियत में अरविंद केजरीवाल मौकापरस्त हैं। अरविंद केजरीवाल ने पूर्वांचल के लोगों और बिहार के लोगों के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। राज्यसभा में जे.पी. नड्डा ने रोहिंग्या के बारे में कुछ कहा उसे अरविंद केजरीवाल ने पूर्वांचल के लोगों से जोड़ दिया। कोरोना काल में अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में रहने वाले बिहार के लोगों के लिए एक भी कैंप नहीं लगाया था और उन्हें नोएडा बॉर्डर पर भेज दिया था. हम अरविंद केजरीवाल को बेनकाब करेंगे।
JDU सांसद ने किया बड़ा ऐलान
JDU सांसद ने आगे कहा किए केजरीवाल के पूर्व के विवादित बयानों का वीडियो क्लीप बनाकर हम जनता के बीच जाएंगे और उनकी सच्चाई बताएंगे। हमने जो वीडियो देखा है उसमें उन्होंने कहा है कि बिहारी 5 सौ रुपये का टिकट कटाता है और दिल्ली आकर 5 लाख का इलाज कराकर चला जाता है। क्या दिल्ली उनकी जागीर है? बिहार के लोगों के प्रति उनकी क्या भावना है यह सभी जानते हैं। बिहार के लोगों को उन्होंने दिल्ली पर बोझ बताया था।