Bihar CM Nitish Kumar: बिहार में फिर नीतीशे कुमार, 10वीं बार ली CM पद की शपथ; जानिए कौन-कौन बने मंत्री
नीतीश कुमार ने पटना के गांधी मैदान में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इनके बाद सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ली।
- भारत
- 4 min read

Bihar: जनता दल यूनाइडेट के अध्यक्ष नीतीश कुमार एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने गुरुवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में रिकॉर्ड दसवीं बार सीएम पद की शपथ ली। बीजेपी कोटे से सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा डिप्टी सीएम बनाए गए हैं।
इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। इसके अलावा इस समारोह की शोभा बढ़ाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे।
बीजेपी को 14 तो जेडीयू को मिले 8 मंत्री
बीजेपी के कोटे से नई सरकार में 14 मंत्री और जेडीयू से 8 मंत्री बनाए गए हैं। चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (आर) को दो मंत्री मिले हैं। जीतनराम मांझी की अगुवाई वाली HAM को एक और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को एक मंत्री पद मिला है। इन नेताओं ने अपने ही बेटों को मंत्री बनाया है। जीतनराम मांझी की पार्टी से उनके बेटे संतोष कुमार सुमन और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से उनके बेटे दीप प्रकाश ने मंत्री पद की शपथ ली है।
इन मंत्रियों ने ली शपथ
बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने पांच-छह सदस्यों के ग्रुप में बारी-बारी से नवनिर्वाचित मंत्रियों को बुलाकर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जिनमें ये नाम शामिल हैं…
Advertisement
- विजय कुमार चौधरी
- विजेंद्र कुमार यादव
- श्रवण कुमार
- मंगल पांडे
- दिलीप जायसवाल
- अशोक चौधरी
- लेशी सिंह
- मदन सहनी
- नितिन नवीन
- रामकृपाल यादव
- संतोष कुमार सुमन
- सुनील कुमार
- मोहम्मद जमा खान
- संजय सिंह टाइगर
- अरुण शंकर प्रसाद
- सुरेंद्र मेहता
- नारायण प्रसाद
- रमा निषाद
- लखेंद्र कुमार रौशन
- श्रेयसी सिंह
- प्रमोद कुमार
- संजय कुमार
- संजय कुमार सिंह
- दीपक प्रकाश
कब-कब सीएम की कुर्सी पर बैठे नीतीश कुमार?
नीतीश कुमार 19 साल से ज्यादा समय तक बिहार के मुख्यमंत्री पद की कमान संभाल चुके हैं। अगर वह अपना ये कार्यकाल पूरा कर लेते हैं तो वो देश में सबसे ज्यादा समय तक CM रहने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लेंगे।
मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने का नीतीश कुमार का सफर मार्च 2000 से शुरू हुआ था। वो लगभग 19 साल 93 दिन तक इस पद पर रह चुके हैं। मई 2014 से फरवरी 2015 तक जीतन राम मांझी बिहार के CM बने थे। बाकी समय सरकार चाहे जिसकी हो, बिहार की कमान तो नीतीश के हाथों में ही रही है।
Advertisement
- पहली बार नीतीश कुमार ने 3 मार्च 2000 में सीएम पद की शपथ ली थी। हालांकि, तब वो केवल 7 दिनों तक ही इस पद पर रह सके थे।
- 5 साल बाद फिर बिहार की कमान उनके हाथों में आई। नीतीश ने दूसरी बार 24 नवंबर 2005 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
- तीसरी बार 26 नवंबर 2010 को सीएम पद की शपथ ली थी। साल 2013 में नीतीश कुमार ने NDA का साथ छोड़ दिया।
- उन्होंने 2014 का लोकसभा चुनाव बीजेपी से अलग लड़ा। चुनाव में हार मिलने के बाद उन्होंने इस्तीफा देकर जीतन राम मांझी को सीएम बनाया।
- मांझी को CM बनाने के बाद JDU में टकराव बढ़ाने लगा। बाद में पार्टी ने नीतीश को फिर नेता चुना। 22 फरवरी 2015 को उन्होंने चौथी बार शपथ ली थी।
- नीतीश कुमार ने 2015 विधानसभा चुनाव महागठबंधन के साथ मिलकर लड़ा और सरकार बनाई। 20 नवंबर 2015 में नीतीश कुमार पांचवीं बार सीएम बने।
- जुलाई 2017 में नीतीश कुमार ने पलटी मारी और महागठबंधन को छोड़ फिर एनडीए के साथ चले गए और 27 जुलाई 2017 छठी बार सीएम पद की शपथ ली।
- 2020 विधानसभा चुनाव में NDA को जीत मिली और नीतीश कुमार सातवीं बार सीएम की कुर्सी पर विराजमान हुए। उन्होंने 16 नवंबर 2020 को सातवीं बार शपथ ली।
- अगस्त 2022 में उन्होंने फिर पाला बदला और महागठबंधन से जुड़ गए। इस बार उन्होंने आठवीं बार सीएम पद की शपथ ली।
- नीतीश कुमार का मन फिर बदला और इस बार उन्होंने एनडीए का हाथ थाम लिया। 28 जनवरी 2024 को वो नौवीं बार बिहार के सीएम बने।