Nitish Kumar Shapath Grahan: नीतीश कुमार बने बिहार के मुख्यमंत्री, गांधी मैदान में 10वीं बार राज्यपाल ने दिलाई शपथ
Nitish Kumar Shapath Grahan: बिहार में नीतीश कुमार की फिर सीएम पद पर ताजपोशी हो गई है। पटना के गांधी मैदान में उन्होंने 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। नीतीश के साथ सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा समेत कई नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली।
- भारत
- 9 min read

Nitish Kumar Oath Ceremony: पटना के गांधी मैदान में बिहार की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ने नीतीश कुमार को बिहार के सीएम पद की शपथ दिलाई। उन्होंने 10वीं बार मुख्यमंत्र पद की शपथ ली है। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, सीएम योगी आदित्यनाथ, सीएम मोहन यादव समेत कई दिग्गज शामिल हुए। बिहार चुनाव में एनडीए गठबंधन ने प्रचंड जीत हासिल की थी। 243 सीटों वाले विधानसभा में अकेले NDA 202 सीटों पर कब्जा जमाने में कामयाब हुआ। वहीं विपक्ष का सूपड़ा साफ हो गया था। NDA की बैठक में नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना गया।
नीतीश कुमार के शपथ लेने के बाद मना जश्न
नीतीश कुमार के बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर लोगों ने जश्न मनाया और लड्डू बांटे।
शपथ लेने के बाद श्रेयसी सिंह का बयान
शपथ लेने के बाद BJP नेता श्रेयसी सिंह ने कहा, "मैं जमुई के लोगों और अपने परिवार के सदस्यों का आभार व्यक्त करती हूं। आज शपथ लेने वाले कैबिनेट में युवा और अनुभवी दोनों तरह के नेता शामिल हैं।"
Advertisement
शपथ लेने के बाद क्या बोले दिलीप जायसवाल?
बिहार के मंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद दिलीप जायसवाल ने कहा, "विकसित बिहार का सपना पूरा करना चुनौती है। सरकार की प्राथमिकता है कि बिहार कानून के राज में विकसित हो। मैं पहले भी मंत्री था, लेकिन मुझे संगठन की सेवा करनी थी। यह चुनाव तब लड़ा गया था जब मैं पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष था। अब मैं फिर से मंत्री बन गया हूं..."
विकसित बिहार बनाना नीतीश कुमार का संकल्प- अर्जुन राम मेघवाल
बिहार में NDA सरकार के शपथ ग्रहण समारोह पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, "बिहार के लोगों ने तय कर लिया है कि राज्य तेज़ी से तरक्की करेगा। भारत 2047 तक विकसित भारत बनेगा, यह PM मोदी का संकल्प है। बिहार को विकसित बिहार बनाना नीतीश कुमार का संकल्प है।"
Advertisement
विकास अब बिहार की पहचान बनेगा- दिल्ली की CM रेखा गुप्ता
बिहार में NDA सरकार के शपथ ग्रहण समारोह पर दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने कहा, "यह लोगों के भरोसे और विश्वास की जीत है...विकास अब बिहार की पहचान बनेगा।"
PM मोदी ने लहराया गमछा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पटना के गांधी मैदान में अपना खास गमछा लहराकर बिहार के लोगों को धन्यवाद दिया।
संजय कुमार, दीपक प्रकाश बने मंत्री
लखेंद्र कुमार रौशन, श्रेयशी सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह, दीपक प्रकाश ने पटना के गांधी मैदान में हो रहे शपथ समारोह में बिहार कैबिनेट में राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली।
मोहम्मद जमा खान ने भी ली शपथ
शपथ समारोह में बिहार कैबिनेट में राज्य मंत्री के तौर पर मोहम्मद जमा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रामा निषाद ने शपथ ली।
लेशी सिंह, राम कृपाल यादव बने मंत्री
पटना के गांधी मैदान में हो रहे शपथ समारोह में लेशी सिंह, मदन साहनी, नितिन नबीन, राम कृपाल यादव, संतोष कुमार सुमन, सुनील कुमार ने बिहार कैबिनेट में राज्य मंत्री के तौर पर शपथ ली।
दिलीप जायसवाल समेत इन नेताओं ने ली शपथ
विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, दिलीप जायसवाल, मंगल पांडे ने मंत्री पद की शपथ ली।
सम्राट चौधरी-विजय सिन्हा ने ली शपथ
नीतीश कुमार के बाद सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने मंत्री पद की शपथ ली।
नीतीश कुमार ने ली शपथ
नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ने उन्हें सीएम पद की शपथ दिलाई।
मंच पर मौजूद हैं PM मोदी
पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह शुरू हो चुका है। पीएम मोदी मंच पर मौजूद हैं।
मेरी पार्टी के दो MLA आज शपथ लेंगे- चिराग पासवान
LJP(रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा, "आज के दिन सबसे पहले मैं अपने पिता रामविलास पासवान को याद करता हूं। आज वे सबसे ज्यादा खुश होंगे। मेरी पार्टी के दो MLA आज शपथ लेंगे। हमने बड़ी जीत हासिल की है...हम विकसित बिहार बनाने की दिशा में और बिहार फर्स्ट और बिहारियों फर्स्ट बनाने की दिशा में काम करेंगे..."
NDA के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई- निशांत कुमार
बिहार में NDA सरकार के शपथ ग्रहण समारोह पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने कहा, "हमें बहुत खुशी है। जनता ने NDA परिवार को खुशी दी है। मैं पिताजी(नीतीश कुमार) को बधाई देता हूं कि वे मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहे हैं। मैं सभी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मैं NDA के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं..."
मैं बिहार में नई सरकार को बधाई देने आया हूं- CM योगी
बिहार में NDA सरकार के शपथ ग्रहण समारोह पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "उत्तर प्रदेश के लोगों की तरफ से मैं बिहार में नई सरकार को बधाई देने आया हूं। आज हम यहां जो देख रहे हैं, वो नीतीश कुमार जी के बहुत बड़े अनुभव और डबल इंजन सरकार के सार्थक प्रयासों का नतीजा है। मैं बिहार के लोगों को बधाई देता हूं...मैं नीतीश जी, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा जी और आज शपथ लेने वाली नई कैबिनेट को बधाई देता हूं..."
बिहार के लिए ऐतिहासिक पल- मांझी
बिहार में NDA सरकार के शपथ ग्रहण समारोह पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, "यह बिहार के लिए ऐतिहासिक पल है...अब तक किसी ने 10वीं बार CM पद की शपथ नहीं ली है..."
CM योगी पहुंचे पटना
नीतीश कुमार की शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पटना पहुंच गए हैं।
यह सरकार बिहार को आगे ले जाएगी- केशव प्रसाद मौर्य
बिहार में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए BJP के सेंट्रल ऑब्ज़र्वर, केपी मौर्य ने कहा, "PM मोदी, नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में, NDA बिहार में अपनी सरकार बना रहा है। यह सरकार बिहार को आगे ले जाएगी और राज्य के लोगों की उम्मीदों को पूरा करेगी। मैं नीतीश कुमार जी, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और बाकी सभी NDA नेताओं को बधाई देता हूं जो आज मंत्री पद की शपथ लेंगे..."
नीतीश कुमार का परिवार गांधी मैदान के लिए रवाना
नीतीश कुमार का परिवार मुख्यमंत्री आवास से गांधी मैदान के लिए रवाना हो गया है। पूरी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच गांधी मैदान के लिए रवाना हुए हैं।
LJP (RV) से बनेंगे 2 मंत्री?
चिराग पासवान की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से नीतीश सरकार में दो मंत्री शपथ लेंगे। चिराग की पार्टी से संजय कुमार पासवान और संजय सिंह मंत्री बनेंगे।
शपथ ग्रहण से पहले दिलीप जायसवाल का आया बयान
बिहार BJP अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, "आज नीतीश कुमार जी मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने जा रहे हैं और मंत्रिमंडल पद का भी शपथ ग्रहण होगा। प्रधानमंत्री मोदी भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे...आज का शपथ ग्रहण विकसित बिहार के सपने को पूरा करने के लिए है और प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी है कि बिहार विकास करेगा।"
प्रेम कुमार होंगे बिहार विधानसभा के अध्यक्ष
सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर आ रही है कि BJP विधायक प्रेम कुमार बिहार विधानसभा के अध्यक्ष होंगे।
शपथ ग्रहण समारोह पर राजीव रंजन का बयान
बिहार में NDA सरकार के बनने और शपथ ग्रहण समारोह पर JDU के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, "यह एक जबरदस्त जनादेश है। जनादेश की भावना के अनुसार, बिहार के लोकप्रिय नेता और अगले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA सरकार बनेगी। हमारा संकल्प बिहार को देश के टॉप 10 राज्यों में शामिल कराना है।"
गांधी मैदान के बाहर लगे पोस्टर
पटना के गांधी मैदान के बाहर नीतीश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री और LJP(RV) प्रमुख चिराग पासवान और अन्य NDA नेताओं के पोस्टर लगाए गए, जहां आज बिहार में NDA सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा।
शपथ ग्रहण के लिए गांधी मैदान तैयार
पटना के गांधी मैदान के बाहर के दृश्य, जहां आज बिहार में NDA सरकार का गठन और शपथ ग्रहण समारोह होगा।
बिहार के लोगों ने अच्छे शासन के लिए वोट दिया- जयंत चौधरी
केंद्रीय मंत्री और RLD चीफ जयंत चौधरी ने कहा, "बिहार के लोगों ने बिहार के विकास, नीतीश कुमार की सादगी, उनके व्यवहार, जिस ईमानदारी से उन्होंने अपनी जिम्मेदारियां निभाईं और हर वर्ग के लिए काम किया, खासकर महिला सशक्तिकरण पर जो जोर दिया, जो इस चुनाव कैंपेन का भी एक मुख्य मुद्दा था, और अच्छे शासन के लिए वोट दिया है... जिनके पास कोई अनुभव नहीं है और जो भाषण देने के लिए लाइनें रटते रहे, और वोट चोरी का मुद्दा उठाकर लोगों के हक को लूटना चाहते थे, लोग उन्हें सत्ता से बाहर देखना चाहते थे, और उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया गया है।"
चुनाव में NDA को मिली प्रचंड जीत
राजग ने बिहार में 243 सदस्यीय विधानसभा में 202 सीट जीतकर सत्ता में वापसी की, जिनमें भाजपा के 89, जदयू के 85, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 19, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के पांच और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमा) के चार विधायक शामिल हैं।
BJP कोटे से संभावित मंत्रियों के नाम
- सम्राट चौधरी (कुशवाहा)
- विजय कुमार सिन्हा (भूमिहार)
- मंगल पांडे (ब्राह्मण)
- नीतीश मिश्र (ब्राह्मण )
- नितिन नवीन(कायस्थ )
- रेणु देवी (अति पिछड़ा)
- नीरज कुमार बबलू (राजपूत)
- संजय सरावगी(वैश्य)
- हरि सहनी (अति पिछड़ा)
- रजनीश कुमार (भूमिहार)
- श्रेयसी सिंह ( राजपूत)
JDU कोटे से संभावित मंत्रियों के नाम
- नीतीश कुमार - मुख्यमंत्री
- विजय कुमार चौधरी( भूमिहार)
- विजेंद्र यादव( यादव)
- श्रवण कुमार (कुर्मी)
- अशोक चौधरी (दलित-पासी)
- रत्नेश सदा (दलित-मुसहर)
- सुनील कुमार (दलित-रविदास)
- श्याम रजक (दलित- धोबी)
- जमा खान (मुस्लिम)
- लेसी सिंह (राजपूत)
- दामोदर रावत (अति पिछड़ा)
- मंजीत सिंह ( राजपूत)
शपथ ग्रहण में शामिल होंगे MP के सीएम मोहन यादव
शपथ ग्रहण समारोह के लिए पटना पहुंचे मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने कहा, “दिल्ली में मोदी सरकार है और बिहार में एनडीए सरकार है। मैं आज यहां आया हूं और शपथ ग्रहण समारोह के बाद यहां से चला जाऊंगा… मेरी तरफ से सभी को बधाई।”
शाह और नड्डा पटना पहुंचे
शपथ ग्रहण समारोह से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार (19 नवंबर) शाम ही पटना पहुंच गए हैं। उनके साथ ही BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पटना पहुंचे।
शपथ ग्रहण समारोह में कौन-कौन होगा शामिल?
नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, UP के CM योगी आदित्यनाथ, MP के मुख्यमंत्री मोहन यादव, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा शामिल होंगे।
10वीं बार सीएम पद की शपथ लेंगे नीतीश कुमार
बिहार में नई सरकार के गठन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। आज गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह हो रहा है। नीतीश कुमार एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने को तैयार हैं। वो रिकॉर्ड 10वीं बार बिहार के CM पद की शपथ लेंगे।