Bihar Bandh: आगजनी, चक्का जाम से लेकर धरना प्रदर्शन तक...,'गालीकांड' पर बिहार में सियासी बवंडर, सड़कों पर उतरे विधायक-मंत्री
बिहार बंद का असर पटना की सड़कों पर देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं हाथों में बैनर पोस्टर लेकर सड़कों पर उतरी हैं और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी कर रही हैं।
- भारत
- 4 min read

प्रधानमंत्री मोदी की मां पर अभद्र टिप्पणी के खिलाफ NDA ने आज, गुरुवार को सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिहार बंद का आह्वान किया है।एनडीए के सभी घटक दल इस आंदोलन में शामिल हैं, और बीजेपी ने इसकी कमान अपने महिला मोर्चा को सौंपी है। सुबह से ही बिहार के अलग-अलग शहरों और कस्बों में बड़ी संख्या में महिलाएं सड़कों पर उतर आई हैं। बंद का असर भी दिखने लगा है। कहीं, सड़कों पर आगजनी हो रही है तो कही चक्काजाम किया जा रहा है।
राजधानी पटना में बड़ी संख्या में बीजेपी की महिला कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए और बैनर-पोस्टर के साथ प्रदर्शन कर रही हैं। बीजपी के कार्यकर्ता राहुल के खिलाफ सड़कों पर नारेबाजी कर रहे हैं। बंद के दौरान कई जगहों पर सड़कें जाम की जा रही है तो कई जगह दुकानें बंद। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
बीजेपी की महिला मोर्चा के हाथों में कमान
बीजेपी के कार्यकर्ताओं जनता से बंद में शामिल होने और RJD-कांग्रेस की कथित अपमानजनक टिप्पणियों के खिलाफ एकजुट होकर विरोध करने की अपील की है। राजधानी पटना में बीजेपी महिला मोर्चा ने कमान संभाल रखा है। महिला कार्यकर्ताओं सड़कों पर उतर कर RJD, कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी कर रहीं हैं।
राहुल- तेजस्वी देश से माफी मांगें-BJP
बीजेपी के विधायक से लेकर केंद्रीय मंत्री तक सड़कों पर उतरे हैं। बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, "कुछ दिन पहले महागठबंधन के मंच से प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां को गाली दी गई। आज इसके खिलाफ NDA ने पांच घंटे का बिहार बंद का आह्वान किया है। हम इस बंद को सफल बना रहे हैं। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव देश से माफी मांगें..."
Advertisement
राहुल-तेजस्वी के संस्कार…
NDA द्वारा 'बिहार बंद' के आह्वान पर भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, "बहुत शर्मनाक मामला है। प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माता को गालियां दी गई। अगर हमारा दूर का कार्यकर्ता भी ऐसा करता तो हम कार्रवाई करते, क्षमा मांगते। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव ये आपके संस्कार हैं, ये आपकी बेशर्मी है। हम इसकी भर्त्सना करते हैं।"
यह बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान प्रदेश में स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान सभी बंद रहेंगे। बंद के दौरान आम जनता को कस से कम असुविधा हो, इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा। आपातकालीन सेवाओं और रेल परिचालन को इससे बाहर रखा गया है।