कई लड़कियों से बना चुकी थी संबंध, अब 16 साल की भतीजी पर थी नजर; लेस्बियन रिलेशन से इनकार पर बुआ ने रुद्राक्ष की माला से गला घोंट मार डाला
बिहार के मुंगेर जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। यहां समलैंगिक संबंध बनाने से इनकार करने पर 10वीं कक्षा की एक छात्रा की गला घोंटकर हत्या कर दी गई।
- भारत
- 3 min read

बिहार के मुंगेर जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। यहां समलैंगिक संबंध बनाने से इनकार करने पर 10वीं कक्षा की एक छात्रा की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। गला घोंटने के लिए रुद्राक्ष के माला का प्रयाग किया गया। हत्या करने वाली कोई और नहीं बल्कि मृतका के दूर की रिश्ते की बुआ है। जानकारी के मुताबिक घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुतलूपुर गांव की है। बताया जाता है कि काजल ने भतीजी के गले में पड़ी रुद्राक्ष की माला से ही उसका गला घोंट दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक आरोपी काजल कुमारी रिश्ते में मृतका की बुआ लगती थी और दोनों के बीच अक्सर बातचीत होती थी। शनिवार की रात करीब सात बजे नाबालिग लड़की काजल के घर गई थी। कुछ ही देर बाद काजल ने खुद लड़की के घर जाकर सूचना दी कि उसने फांसी लगा ली है। जब परिजन भागते हुए काजल के घर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनकी बेटी का शव जमीन पर बेजान पड़ा था। घटना के तुरंत बाद काजल मौके से फरार हो गई, जिससे शक गहरा गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मुफस्सिल थाना प्रभारी और एफएसएल (FSL) की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची।
समलैंगिक संबंध बनाने का डाल रही थी दबाव
मृतका के चचेरे भाई और ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि काजल कुमारी लंबे समय से लड़कों की तरह रहती थी और उसने अपने बाल भी छोटे करवा रखे थे। आरोप है कि वह गांव की महिलाओं और लड़कियों पर समलैंगिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालती थी और गांव में बहुत घरों की महिलाओं के साथ दबाव देकर समलैंगिक संबंध बना चुकी है।
Advertisement
ग्रामीणों का कहना है कि काजल अक्सर आर्थिक मदद या लोन दिलाने का लालच देकर भोली-भाली लड़कियों को अपने जाल में फंसाती थी। परिजनों का मानना है कि शनिवार की रात भी उसने नाबालिग पर दबाव बनाया होगा और सफल न होने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के समय घर में काजल के अलावा केवल उसके बुजुर्ग पिता मौजूद थे।
मृतका के पिता ने लगाया गंभीर आरोप
Advertisement
मृतका के पिता का आरोप है कि जब उनकी बेटी समलैंगिक संबंध के लिये तैयार नहीं हुई तो उसके गले की रुद्राक्ष की माला से ही गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने अभी किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एसडीपीओ सदर, मुंगेर, कुमार अभिषेक ने बताया कि एक किशोरी की गला घोंटकर हत्या की गयी है। हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है। थानाध्यक्ष ने घटनास्थल पर जाकर उस जगह को सुरक्षित कर दिया है। एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद और भी तथ्य सामने आएंगे।