RJD March: 'SC में बिहार सरकार ने माना कि AK47 का इस्तेमाल हुआ, तो अनुमति देने वाले DM-SP सस्पेंड हों...', मीसा भारती ने साधा निशाना
Misa Bharti: मीसा भारती ने कहा कि छात्रों के साथ हुए अन्याय को 20-25 दिन हो गए हैं, इसके बावजूद अब तक सरकार नींद से नहीं जागी है।
- भारत
- 3 min read

Misa Bharti on RJD Lok Bhawan March: आज पटना में छात्रों की समस्याओं, बेरोजगारी और सिवान में AK-47 से हई फायरिंग के विरोध में आरजेडी लोक भवन मार्च निकाल रही है। इसमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ आरजेडी सांसद मीसा भारती भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी माना है कि छात्रों के खिलाफ AK-47 का इस्तेमाल किया गया। वे सवाल करती हैं कि AK-47 की अनुमति किसने दी?
आरजेडी द्वारा राजभवन तक निकाले गए पैदल मार्च के दौरान सांसद मीसा भारती ने कहा, 'छात्रों के साथ जो अन्याय हुआ है उसे आज 20-25 दिन बीत गए हैं मगर फिर भी सरकार नींद से नहीं जागी। सुप्रीम कोर्ट में बिहार सरकार ने माना कि AK47 का इस्तेमाल हुआ था। तब जज साहब को बिहार सरकार के वकील से यह पूछना चाहिए था कि AK47 लेकर प्रदर्शन में जाने की अनुमति किसने दी?'
मीसा भारती ने बिहार सरकार को बताया हत्यारी
उन्होंने आगे कहा कि अगर DM और SP ने अनुमति दी थी तो उन्हें तुरंत सस्पेंड करना चाहिए। मगर ये बिहार सरकार हत्यारी सरकार है जो आम जन की हत्या करवा रही है और युवाओं के भविष्य की भी हत्या कर रही है।
हिरासत में लिए गए तेजस्वी यादव
वहीं आरजेडी के लोकभवन मार्च के दौरान पुलिस ने तेजस्वी यादव और अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मार्च रोकने के लिए डाक बंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन आरजेडी कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया।
Advertisement
CM के आदेश पर हुआ वाटर कैनन का इस्तेमाल- तेजस्वी
भारी संख्या में भीड़ को देखते हुए उन्हें तितर बितर करने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया। तेजस्वी यादव ने वाटर कैनन के इस्तेमाल पर आरोप लगाया कि यह सब सम्राट चौधरी के आदेश पर हुआ है। इससे (वाटर कैनन) कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। जनता जाग चुकी है और सड़कों पर है। अब सरकार को झुकना ही पड़ेगा। ऐसे काम नहीं चलेगा।
सरकार डरी हुई है- तेजस्वी यादव
हिरासत में लिए जाने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार डरी हुई है। हम छात्रों के मुद्दे पर तिरंगा लेकर शांतिपूर्ण मार्च कर रहे थे। हम लोगों का मार्च राजभवन तक था लेकिन आयकर विभाग पर ही रोक दिया गया है। इस सरकार के खिलाफ हम लोग लड़ते रहेंगे। हम लोग जेल से डरने वाले नहीं है। हम छात्रों के हक और अधिकार के लिए, बेरोजगारी को मिटाने के लिए, पेपर लीक रोकने के लिए, पारदर्शी परीक्षा, अच्छी शिक्षा, अच्छा स्वास्थ्य और बिहार को आगे बढ़ाने के लिए हम लोग हमेशा आवाज उठाते रहेंगे और लड़ते रहेंगे।