'योगी जी ने मंत्रियों को निवेश के लिए भेजा था लेकिन...', UP-जापान बिजनेस कॉन्क्लेव पर अवधेश प्रसाद का तंज, बोले- सत्ता बदलेगी तभी समाधान मुमकिन

सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने यूपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि योगी जी ने अपने मंत्रिमंडल के न जानें कितने मंत्रियों को निवेश के लिए भेजा था और ताल ठोककर कहा था कि अब तो उत्तर प्रदेश में इतने उद्यमी आ रहे हैं। अभी तक कुछ हुआ नहीं। 10 साल हो गए और एक भी बिजली का प्लांट नहीं लगा।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Awadhesh Prasad CM Yogi
Awadhesh Prasad CM Yogi | Image: ANI

Awadhesh Prasad: यूपी-जापान बिजनेस कॉन्क्लेव को लेकर उत्तर प्रदेश में सियासी पारा चढ़ गया है। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने इस आयोजन पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने निवेश लाने के नाम पर अपने मंत्रिमंडल के कई मंत्रियों को विदेश भेजा था, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। अब जो कुछ होगा सत्ता परिवर्तन के बाद ही होगा।

अवधेश प्रसाद ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि योगी जी इस समय बहुत परेशान हैं। योगी जी ने अपने मंत्रिमंडल के न जानें कितने मंत्रियों को निवेश के लिए भेजा था और ताल ठोककर कहा था कि अब तो उत्तर प्रदेश में इतने उद्यमी आ रहे हैं। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि इन दावों के बावजूद अभी तक धरातल पर कुछ भी हासिल नहीं हुआ है।

10 साल में एक भी बिजली प्लांट नहीं लगा- अवधेश

उन्होंने आगे कहा कि सरकार के 10 साल बीत जाने के बाद भी राज्य में एक भी नया बिजली का प्लांट नहीं लगाया गया है। इसका नतीजा यह है कि आज पूरा उत्तर प्रदेश बिजली के घोर संकट से जूझ रहा है और चारों तरफ हाहाकार मचा हुआ है। भीषण गर्मी के कारण बच्चे रात-रात भर सो नहीं पा रहे हैं और जनता परेशान है। यह कुछ नहीं है। ये बेबुनियाद खबरें और बातें हैं।

सत्ता परिवर्तन ही सभी समस्याओं का समाधान- सपा सांसद

अवधेश प्रसाद ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की इन सभी समस्याओं का एकमात्र समाधान सत्ता परिवर्तन है। उन्होंने कहा, 'अब जो कुछ होगा, सत्ता परिवर्तन के बाद ही सब कुछ होने वाला है। जब अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे, PDA की सरकार होगी, तभी आप विकास, सम्मान, रोजगार, बदहाली से किसानों का छुटकारा, महिलाओं के सम्मान, कानून-व्यवस्था सुधरने का उम्मीद कर सकते हैं। इन सबकी कल्पना आप इस सरकार में नहीं कर सकते हैं। ये सिर्फ अखिलेश यादव की सरकार आएगी तो इन समस्याओं का समाधान होगा।'

Advertisement

यूपी-जापान निवेश सम्मेलन 2026 का आयोजन

बता दें कि सीएम योगी के यूपी को देश का प्रमुख औद्योगिक और वैश्विक निवेश केंद्र बनाने के प्रयासों को जापान के साथ आर्थिक साझेदारी से नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। 18 से 23 अगस्त तक यूपी और दिल्ली में 'उत्तर प्रदेश-जापान निवेश सम्मेलन 2026' का आयोजन हो रहा है।

UP भारत की टॉप तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल- CM योगी

इस आयोजन में सीएम योगी ने कहा, 'भारत-जापान की साझेदारी विकास, टेक्नोलॉजी और समृद्धि के लिए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में, स्पष्ट नीतियों, अच्छी नीयत और पक्के इरादे के साथ निरंतर सुधार करते हुए उत्तर प्रदेश भारत की टॉप तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और देश के लिए विकास का इंजन बन गया है। पिछले 9 सालों में, हमने उत्तर प्रदेश के बजट, GSDP और प्रति व्यक्ति आय को तीन गुना करने में कामयाबी हासिल की है। महिलाओं की वर्कफोर्स में भागीदारी भी तीन गुना से ज्यादा बढ़ी है। हम एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं।'

Advertisement

उन्होंने कहा कि  उत्तर प्रदेश और जापान के बीच संबंध हमारी प्राचीन सभ्यता और संस्कृति से जुड़े हैं। जापान 'उगते सूरज की भूमि' है, जबकि उत्तर प्रदेश 'सूर्यवंश' की भूमि है। यह भगवान श्री राम, श्री कृष्ण और भगवान बुद्ध की धरती है और यहां अपार संभावनाएं हैं। जहां जापान के पास सटीकता, गुणवत्ता, तकनीक, रिसर्च की क्षमता, मैन्युफैक्चरिंग में महारत और 'काइजेन' (Kaizen) फिलॉसफ़ी है, वहीं उत्तर प्रदेश कुशल वर्कफोर्स, एक बड़ा बाजार, इंफ़्रास्ट्रक्चर, सहयोगी नीतियां, कानून-व्यवस्था और काम के लिए अनुकूल माहौल देता है। यह मेल राज्य के मैन्युफैक्चरिंग और MSME इकोसिस्टम के साथ-साथ स्किल डेवलपमेंट, R&D और लॉजिस्टिक्स की क्षमताओं को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जा सकता है। हम एक 'जापान सिटी' भी विकसित कर रहे हैं, जहां जरूरी सुविधाएं तैयार की जा रही हैं।

यह भी पढ़ें: आजम खान को गृहमंत्री बनाने के बयान पर राजभर ने अखिलेश पर किया प्रहार, PDA को ‘पीट देगा अशफाक’ बताते हुए याद दिलाया यूपी में किसकी है सरकार

Published By:
 Priyanka Yadav
पब्लिश्ड