Tej Pratap Arrested: मॉल से गिरफ्तारी फिर रात में ही कोर्ट में पेशी... 14 दिन के लिए बेऊर जेल भेजे गए तेज प्रताप यादव; जानें पूरा माजरा
बिहार बंद के दौरान प्रदर्शन करने पर लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव को पटना के एक मॉल से गिरफ्तार कर लिया गया। देर रात कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया गया।
- भारत
- 3 min read

Tej Pratap Yadav Arrested: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के संस्थापक तेज प्रताप यादव को 14 दिन की जेल हो गई है। उन्हें शनिवार (25 जुलाई) को पुलिस ने एक मॉल से हिरासत में लिया था। इससे पहले दोपहर में भी तेज प्रताप को पुलिस ने पकड़ा था, लेकिन बाद में छोड़ दिया।
प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतरे थे तेज प्रताप
दरअसल, नीट पेपर लीक विवाद और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में बिहार बंद बुलाया गया था। इस दौरान तेज प्रताप यादव भी बंद का समर्थन करने पहुंचे थे। वह पटना के रामगुलाम चौक पर धरने पर बैठ गए थे। तेज प्रताप रामगुलाम चौक से डाक बंगला चौराहे की ओर मार्च करने लगे। इस दौरान पुलिस ने बीच में रोक लिया और हिरासत में भी लिया। बताया गया कि स्थिति बिगड़ने की आशंका के चलते बाद में उन्हें पुलिस ने छोड़ दिया था।
इसके बाद शाम को तेज प्रताप यादव पटना के एक मॉल में मौजूद थे। वहां पटना पुलिस की एक टीम भारी पुलिस बल के साथ पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। शनिवार देर रात ही तेज प्रताप की ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने पेशी हुई, जहां से उनको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया गया। उन पर पटना में प्रदर्शनकारियों को उकसाने, भड़काने का आरोप है।
‘जान देने को भी तैयार हूं…’
गिरफ्तारी के बाद तेज प्रताप ने कहा, “हम छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। जरूरत पड़ी तो मैं छात्रों के अधिकारों के लिए अपनी जान देने को भी तैयार हूं।”
Advertisement
तेज प्रताप यादव को हिरासत में लिए जाने पर उन्होंने कहा कि अब तक हमें कोई जानकारी नहीं दी गई है। मजिस्ट्रेट के निर्देश के बाद ही हमें गिरफ्तारी का मेमो दिया गया। हमें FIR की कॉपी भी नहीं दी गई है। मुख्य रूप से धारा 109 लगाई गई है, जबकि पहले धारा 307 (हत्या का प्रयास) लगाई गई थी।
बिहार में कई जगहों पर हुआ बवाल
बिहार में बंद के दौरान 13 जिलों में जमकर बवाल हुआ। राजधानी पटना में हालात संभालने के लिए पुलिस ने सख्त रवैया अपनाया और 209 उपद्रवियों को हिरासत में ले लिया। इन गिरफ्तारियों पर पुलिस ने अभी खुलकर कोई बयान तो नहीं दिया है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से पूरे शहर में भारी पुलिस बल तैनात है।