'हमें पहले भी JDU के लोगों ने समर्थन दिया था, ये पहली बार....', जिस अनुज सिंह के चक्कर में अनंत सिंह पर गिरी गाज, जानें पूरे विवाद पर क्या कहा
जदयू विधायक अनंत सिंह के निलंबन पर जन सुराज MLC उम्मीदवार अनुज सिंह ने कहा, JDU ने जो किया बहुत गलत किया है। पहले भी पार्टी के लोगों ने मुझे समर्थन दिया था तो अनंत सिंह पर एक्शन क्यों?
- भारत
- 4 min read

जनता दल यूनाइटेड (JDU) से विधायक अनंत सिंह के निष्कासन का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पार्टी ने हालिया विधान परिषद चुनाव में अपने उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार करने, विरोधी दल जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी का समर्थन करने और पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बयानबाजी करने के आरोप में उन पर यह कार्रवाई की है। जिस जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन के चलते बाहुबली अनंत सिंह पर गाज गिरी, उन्होंने इस पूरे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
जन सुराज पार्टी के MLC उम्मीदवार अनुज सिंह ने JDU की इस कार्रवाई को गलत करार दिया। अनंत सिंह पर हुई कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर अनुज सिंह ने JDU पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी गलत कर रही है। जो हुआ ये पहली बार नहीं है। अनुज सिंह इस कार्रवाई के बाद अनंत सिंह से मिलने उनके आवास पर पहुंचे थे।
JDU का फैसला गलत है-अनुज सिंह
पूरे विवाद पर अनुज सिंह ने कहा, हमें पहले भी कई बार चुनाव में JDU के लोगों ने समर्थन दिया था। ये पहली बार नहीं हुआ है। सीधे शब्दों में कहें तो, जेडी(यू) गलत है।” पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर कि नीरज कुमार को जिताने में पूरा सरकारी तंत्र लगा हुआ है, अनुज सिंह ने जवाब दिया, “वोट ही नहीं मिला तो जीत कैसे जाएंगे।”
तेजस्वी यादव ने पूरे विवाद पर क्या कहा?
अनंत सिंह को JDU से निष्कासित किए जाने पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "जब विश्वास मत चल रहा था तो हमारे तीन विधायक-नीलम देवी, आनंद मोहन के बेटे और प्रह्लाद यादव, ने पार्टी के साथ गद्दारी की थी। उस समय भी हमने भविष्यवाणी की थी कि आप लोग जहां समर्थन दे रहे हैं, समय बताएगा कि आपके साथ क्या होगा। आज आनंद मोहन परेशान हैं, प्रह्लाद यादव को टिकट भी नहीं मिला और अनंत सिंह की हालत आप खुद देख लीजिए।"
Advertisement
मैं अपनी पार्टी बनाऊंगा- अनंत सिंह
वहीं, JDU पार्टी से निकाले जाने पर विधायक अनंत सिंह ने कहा था, "जनता मालिक है। जो कार्रवाई हुई है अच्छी हुई है। मुझे कोई दिक्कत नहीं है। पार्टी नीतीश कुमार की थी वे नहीं हैं तो पार्टी में कौन है? मैं कह रहा हूं कि निकाल दें। अब नीतीश कुमार नहीं हैं तो पार्टी खत्म हो गई। इनको 10 सीट आने में भी आफत होगी। मैं अपनी पार्टी बनाऊंगा। मैं पार्टी के पास टिकट मांगने नहीं गया था पार्टी ने बुलाकर मुझे टिकट दिया। जदयू का भविष्य खत्म है। मेरी नीतीश कुमार से कोई दूरी नहीं है। वे बीमार रहते हैं।"
अदालत का दरवाजा खटखटाने की तैयारी
वहीं, अनंत सिंह के समर्थकों का आरोप है कि JDU के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने विधायक का पक्ष सुने बिना ही उन्हें पार्टी से निष्कासित करने का फैसला ले लिया। समर्थकों का कहना है कि किसी भी तरह की कार्रवाई से पहले अनंत सिंह को अपनी बात रखने का मौका दिया जाना चाहिए था। इसी आधार पर वे अदालत का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर रहे हैं।