Bihar: आरा में रिटायर्ड कस्टम अफसर को बेटे के सामने गोलियों से भूना,मॉर्निंग वॉक पर निकले थे दोनों; जमीन विवाद को लेकर हत्या से सनसनी
भोजपुर जिले के आरा शहर में रिटायर्ड कस्टम अफसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बेटे के आखों के सामने अपराधियों ने पिता को 6 से आठ गोलियां मारी।
- भारत
- 3 min read
बिहार में एक बार फिर बेखौफ अपराधियों ने हत्या की घटना को अंजाम दिया है। गुरुवार सुबह भोजपुर जिले के आरा शहर में रिटायर्ड कस्टम अफसर की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बेटे के आखों के सामने अपराधियों ने पिता को गोलियों से भून डाला। घटना को अंजाम देने का बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिवार ने जमीन विवाद का आरोप लगाया है।
रिटायर्ड कस्टम अधिकारी राम कुमार सिंह हर दिन की तरह गुरुवार को भी अपने बेटे के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकल रहे थे। जैन कॉलेज के पास कनकपुरी मोहल्ले में उनके घर के पास अपराधी पहले से घात लगाए बैठे थे। तीन हथियारबंद अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अपराधियों ने करीब से 6 से 8 गोलियां मारीं। इनमें छह गोलियां दाहिने पेट-सीने के पास, एक बाएं सीने और एक बाएं गर्दन में लगीं।
शरीर को गोलियों से किया छलनी
घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक 67 वर्षीय राम कुमार सिंह मूल रूप से बिहिया थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के स्वर्गीय हरिवंश सिंह के पुत्र थे। वे भागलपुर से 2015 में रिटायर्ड हुए थे।
मॉर्निंग वॉक पर निकले थे बाप-बेटे
मृतक के पुत्र राजेश कुमार ने बताया कि वे रोज सुबह पिता के साथ रमना मैदान टहलने जाते थे। गुरुवार सुबह भी पिता कार निकालकर गैराज का गेट बंद कर रहे थे, तभी तीन अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। वे उस समय गाड़ी में बैठे थे, जिससे उनकी जान बच गई। राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि नगर थाना क्षेत्र के सिंगही मोड़ के पास उनके पिता ने उनके लिए 13 कट्ठा जमीन खरीदी थी। इसके बाद कुछ जमीन माफिया उस पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे थे। परिवार ने पुलिस में शिकायत भी की थी और पहले भी पिता पर जानलेवा हमले हो चुके थे।
Advertisement
जमीन विवाद में हत्या
भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने कहा कि शुरुआती जांच में जमीन विवाद हत्या की मुख्य वजह के रूप में सामने आया है। परिवार ने पहले भी अलग-अलग अधिकारियों को आवेदन दिए थे। एसपी ने बताया कि एक अन्य जमीन विवाद की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों या प्रभावशाली लोगों के नाम सामने आने पर उनसे पूछताछ की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कौन थे राम कुमार सिंह
राम कुमार सिंह सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे। वह क्षेत्रीय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष थे। इसके अलावा वह नगर रामलीला समिति ट्रस्ट के ट्रस्टी और सनातनी गंगा फाउंडेशन, भोजपुर के कार्यकारिणी सदस्य भी थे।आक्रोशित लोगों ने आरा सदर अस्पताल के बाहर शव को रखकर सड़क जाम कर दिया। लोगों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।