अपडेटेड 19 February 2026 at 23:14 IST
5 लीटर खौलते तेल में पति को... बिहार में पत्नी की खौफनाक करतूत, शादी के 10 दिन बाद ही किया कांड; जानिए क्या है पूरा मामला
Bihar News: बिहार से रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है। जिसमें एक नवविवाहिता दुल्हन ने अपने पति मोहम्मद मुन्ना पर खौलता हुआ तेल डालकर उसे गंभीर रूप से झुलसा दिया।
- भारत
- 3 min read

Bihar News: बिहार के शिवहर से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है। यहां एक नवविवाहिता ने अपनी शादी के महज 10 दिन के भीतर ही अपने पति पर खौलता हुआ सरसों का तेल उड़ेल दिया, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।
इस जानलेवा हमले में पति बुरी तरह झुलस गया है और फिलहाल अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है और मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।
शादी के पहले दिन से ही शुरू हो गया था विवाद
जानकारी के मुताबिक, शिवहर के पिपराही थाना क्षेत्र के मीनापुर बाघा गांव निवासी मोहम्मद मुन्ना की शादी 3 फरवरी 2026 को बड़े ही धूमधाम से हुई थी। परिजनों ने सोचा था कि घर में नई खुशियां आएंगी, लेकिन हुआ इसके बिल्कुल उलट। पीड़ित के पिता मोहम्मद ददीज ने बताया कि शादी के बाद से ही बहू का व्यवहार काफी अजीब था। वह अपने पति मुन्ना को कमरे में सोने तक नहीं देती थी।
पति को कर दिया था कमरे से बाहर
आलम यह था कि चौठारी की रस्म के बाद से ही उसने पति को कमरे से बाहर कर दिया था। घर में रोज होने वाले तनाव को कम करने के लिए लड़की के मायके वालों को भी बुलाया गया। आपसी समझौते की कोशिश की गई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। शायद, बहू के मन में कोई गहरी साजिश चल रही थी जिसका अंदाजा किसी को नहीं था।
Advertisement
5 लीटर तेल खौलाया और उड़ेल दिया
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन मुन्ना अपने कमरे में कंबल ओढ़कर सो रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी रसोई में गई और करीब 5 लीटर सरसों का तेल चूल्हे पर गर्म होने के लिए रख दिया। जब तेल पूरी तरह खौलने लगा, तो वह उसे लेकर कमरे में पहुंची और सोए हुए पति पर डाल दिया। तेल पड़ते ही मुन्ना दर्द से बुरी तरह चीखने लगा।
शोर सुनकर जब घरवाले कमरे की ओर भागे, तो मुन्ना का शरीर बुरी तरह झुलस चुका था और वह तड़प रहा था। जिसके बाद उसे आनन-फानन में मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SKMCH) के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया।
Advertisement
आरोपी पत्नी गिरफ्तार
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपी महिला को भागने का मौका नहीं दिया और उसे पकड़कर तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर दुल्हन ने इतना बड़ा और खौफनाक कदम क्यों उठाया। क्या इसके पीछे कोई पुराना प्रेम प्रसंग था या फिर कोई और वजह, इसकी गुत्थी अभी तक नहीं सुलझी है। दूसरी तरफ, घायल मुन्ना को लेकर डॉक्टरों का कहना है कि युवक का शरीर काफी ज्यादा जल गया है और उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 19 February 2026 at 23:14 IST