Bihar: नीतीश सरकार ने खिलाड़ियों के लिए खोला खजाना, हीरो एशिया कप की विजेता टीम के हर प्लेयर के लिए 10-10 लाख का ऐलान
Asia Hockey Cup 2025 Winner: हॉकी इंडिया ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर घोषणा की, "हीरो एशिया कप राजगीर, बिहार 2025 में भारत की ऐतिहासिक चौथी एशिया कप जीत के बाद, हॉकी इंडिया खिलाड़ियों के लिए 3 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के लिए 1.5 लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा करते हुए प्रसन्न है।"
- भारत
- 4 min read

Asia Hockey Cup 2025 Winner: रविवार 7 सितंबर का दिन भारतीय हॉकी टीम के लिए ऐतिहासिक रहा। इस दिन बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स हॉकी स्टेडियम में Asia Hockey Cup 2025 का फाइनल मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में भारतीय हॉकी टीम ने साउथ कोरिया को 4-1 से हराकर Asia Hockey Cup 2025 के खिताब पर अपना कब्जा किया और चैंपियन बनी। भारत ने इस चौथी खिताबी जीत के साथ एशिया हॉकी कप का अपना 8 साल का सूखा भी खत्म किया।
इस बीच चैंपियन बनने के बाद भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों पर पैसों की बरसात हो रही है। जी हां, खिताब जीतने पर हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों और सहयोगी कर्मचारियों के लिए पुरस्कार की घोषणा की थी। अब बिहार की नीतीश सरकार ने भी एशिया हॉकी कप विजेता के लिए अपना खजाना खोला है।
प्रत्येक खिलाड़ियों को 10 लाख और सपोर्ट स्टाफ के लिए 5 लाख रुपये देने का ऐलान
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने Asia Hockey Cup 2025 के खिताब को जीतने पर भारतीय हॉकी टीम को सबसे पहले बधाई दी। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, "बिहार के राजगीर में अविस्थित राज्य खेल अकादमी-सह-बिहार खेल विश्वविद्यालय के परिसर में पहली बार आयोजित हीरो एशिया कप 2025 में कोरिया के खिलाफ शानदार जीत हासिल करने पर टीम इंडिया को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भारतीय हॉकी टीम ने एशिया कप में धमाकेदार जीत दर्ज कर पूरे देश को गौरवान्वित किया है।"
अब सीएम नीतीश कुमार ने विजेता भारतीय टीम के लिए पुरस्कार की घोषणा की है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "राजगीर में अवस्थित राज्य खेल अकादमी-सह-बिहार खेल विश्वविद्यालय के परिसर में पहली बार आयोजित हीरो एशिया कप 2025 में भारतीय हॉकी टीम ने विलक्षण जीत दर्ज कर पूरे देश को गौरवान्वित किया है। हीरो एशिया कप 2025 जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों एवं सहयोगी स्टाफ के उत्साहवर्द्धन हेतु राज्य सरकार ने सम्मान राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है। " उन्होंने आगे लिखा, "हीरो एशिया कप 2025 की विजेता भारतीय टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 10 लाख रुपए और प्रत्येक सहयोगी स्टाफ को 5 लाख रुपए की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।"
Advertisement
हॉकी इंडिया की ओर से भारतीय टीम के लिए पुरस्कार की घोषणा
हॉकी इंडिया की ओर से हीरो एशिया कप जीतने पर भारतीय टीम के लिए पुरस्कार की घोषणा की गई। हॉकी इंडिया ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर घोषणा की, "हीरो एशिया कप राजगीर, बिहार 2025 में भारत की ऐतिहासिक चौथी एशिया कप जीत के बाद, हॉकी इंडिया खिलाड़ियों के लिए 3 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के लिए 1.5 लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा करते हुए प्रसन्न है।"
टूर्नामेंट में भारतीय हॉकी टीम की रही अजेय बढ़त
मालूम हो कि Asia Hockey Cup 2025 के इस सीजन में भारतीय टीम ने कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्व में शानदार खेला और अजेय बढ़त बनाई हुई रही। फाइनल में भारत ने अपना 8 साल का सूखा खत्म करते हुए साउथ कोरिया को हराकर खिताबी जीत का चौका लगा दी। इसके साथ ही भारतीय हॉकी टीम ने अगले साल होने वाले हॉकी के विश्व कप के लिए अपनी जगह और टिकट कंफर्म कर ली।
Advertisement
फाइनल मुकाबले में भारत ने साउथ कोरिया को 4-1 से हराकर एशिया हॉकी कप का खिताब जीत लिया। इस फाइनल मुकाबले में भारत को जिताने के लिए टीम इंडिया की ओर से सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह और अमित रोहितदास ने कुल चार गोल दागे। सबसे पहला गोल पहले क्वार्टर में पहले ही मिनट में सुखजीत सिंह ने किया। उसके बाद दूसरे क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने 27वें मिनट में साउथ कोरिया के खिलाफ भारतीय टीम की ओर से दूसरा गोल दागा।
तीसरे क्वार्टर में एक बार फिर से दिलप्रीत सिंह ने 44वें मिनट पर एक और गोल कर टीम इंडिया को 3-0 से आगे कर दिया। भारत की ओर से चौथा गोल अमित रोहितदास ने 49वें मिनट किया। हालांकि, साउथ कोरिया की ओर से मात्र एक गोल वो भी 50वें मिनट में डैन सन ने किया। इस प्रकार से भारत और साउथ कोरिया के बीच स्कोर 4-1 का हुआ। यह स्कोर अंत तक बना रहा और भारतीय टीम ने जीत हासिल कर ली।