Bihar: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर कवायद तेज, नाम फाइनल; NDA विधायक दल की बैठक में लगेगी मुहर, इस दिन होगा शपथ ग्रहण

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में एक लंबे अध्याय का समापन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 14 अप्रैल को इस्तीफा दे सकते हैं, जिसके बाद 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे पटना के लोकभवन में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।

Follow : Google News Icon  
Bihar New CM
Bihar New CM | Image: Republic

Bihar Politics: बिहार के राजनीतिक गलियारों में पिछले कई दिनों से जारी सस्पेंस अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। राज्य की सत्ता की बागडोर अब नए हाथों में जाने वाली है। जानकारी के मुताबिक, बिहार में 'नीतीश युग' के समापन की पटकथा लिखी जा चुकी है। 15 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे पटना के लोकभवन (राजभवन) में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। 

हालांकि, इन सब के बीच सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आखिरकार मुख्यमंत्री की कुर्सी पर कौन बैठेगा, जिसका आधिकारिक फैसला मंगलवार को होने वाली महत्वपूर्ण बैठकों में लिया जाएगा।

14 अप्रैल को नीतीश कुमार देंगे इस्तीफा 

मंगलवार, 14 अप्रैल का दिन बिहार की राजनीति के लिए बेहद निर्णायक होने वाला है। सुबह 10 बजे नीतीश कुमार ने अपनी कैबिनेट की आखिरी महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है, जिसमें कुछ बड़े और कड़े फैसले लिए जा सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक के बाद दोपहर से शाम के बीच नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा राजभवन को सौंप देंगे। उनके इस्तीफे के साथ ही नई सरकार के गठन की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो जाएगी और NDA अपने नए नेता का चुनाव करेगा। 

BJP विधायक दल की बैठक में तय होगा नाम

मुख्यमंत्री के नाम को लेकर चल रही खींचतान के बीच मंगलवार दोपहर 2 बजे BJP विधायक दल की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक की कमान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान संभालेंगे। माना जा रहा है कि इसी बैठक में बीजेपी अपने उस चेहरे का नाम सामने रखेगी, जो राज्य की कमान संभालेगा। 
इसके तुरंत बाद शाम 4 बजे NDA के सभी सहयोगी दलों की साझा बैठक होगी, जिसमें गठबंधन के नेता के नाम का औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा। खबर यह भी है कि नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा खुद नीतीश कुमार ही कर सकते हैं। 

Advertisement

CM रेस में कौन सबसे आगे? 

फिलहाल मुख्यमंत्री पद के लिए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम सबसे मजबूती से चल रहा है। चर्चा है कि उन्हें राज्य की कमान सौंपी जा सकती है और निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। हालांकि, BJP चौंकाने वाले फैसलों के लिए जानी जाती है, इसलिए तीन महिला विधायकों के नाम भी सुर्खियों में हैं, जिसमें श्रेयसी सिंह, धर्मशीला गुप्ता और रमा निषाद का नाम शामिल है। पार्टी के भीतर मंथन चल रहा है कि क्या किसी महिला चेहरे को आगे कर 'आधी आबादी' को साधा जाए।

शपथ ग्रहण को भव्य बनाने की तैयारी

बताया जा रहा है कि 15 अप्रैल को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लोकभवन में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और गणमान्य अतिथियों की सूची तैयार की जा रही है। सूत्रों की मानें तो NDA के भीतर मंत्रियों के नामों और विभागों के बंटवारे का फॉर्मूला भी लगभग तय हो चुका है। लेकिन, मंगलवार की शाम तक बिहार के नए मुख्यमंत्री की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। 

Advertisement

ये भी पढ़ें:  Pune: 'सुरक्षाकर्मी को काटा, केयरटेकर की पिटाई कर हाथ पैर बांधे', रेस्क्यू सेंटर से ऐसे भागी 13 बांग्लादेशी लड़कियां; CCTV आया सामने

Published By :
Shashank Kumar
पब्लिश्ड