'चारा घोटाला ने पूरे बिहार को देश और दुनिया में...', पटना में लालू यादव पर बरसे अमित शाह तो CM नीतीश की तारीफ में पढ़े कसीदे
गृह मंत्री अमित शाह ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि लालू-राबड़ी के शासनकाल में बिहार को जंगल राज में बदल दिया गया था।
- भारत
- 3 min read

बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सभी दल मैदान में उतर गए हैं। NDA की ओर से भी चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी है। इस कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिनों के बिहार दौरे पर पहुंचे हैं। इस कड़ी में शाह ने शनिवार को देर शाम भाजपा नेताओं और पार्टी की कोर कमिटी से वार्ता की। वहीं, रविवार को अमित शाह ने करोड़ों की परियोजना का उद्घाटन और शिलान्यास किया। गोपालगंज में जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने लालू यादव पर जमकर निशाना साधा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने बिहार दौरे के दूसरे दिन रविवार को पटना में अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस 2025 के अवसर पर ृ532 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन किया जिसमें सहकारिता विभाग की 111 करोड़ रुपये और नगर विकास और आवास विभाग की 421 करोड़ रुपये की योजनाएं शामिल हैं। शाह ने दरभंगा जिले में मत्स्य सहकारी समिति में मखाना प्रसंस्करण इकाई का भी रिमोट से उद्घाटन किया। इसके बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने RJD सुप्रीमो और बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव पर जमकर निशाना साधा।
लालू यादव पर बरसे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा, 1990 से 2005 तक लालू यादव की सरकार ने बिहार में क्या किया? पूरे बिहार में चारा घोटाला करके बिहार को देश और दुनिया में बदनाम करने का काम लालू यादव की सरकार ने किया था। इनकी सरकार को बिहार के इतिहास में हमेशा जंगलराज के रूप में जाना जाएगाष नीतीश कुमार के कार्यकाल में हर गांव तक रोड, बिजली और नल से जल पहुंचा है।
बिहार की जनता से शाह ने की अपील
शाह ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी ने घर, शौचालय, पानी, दवाइयां और राशन देकर बिहार के गरीब को आगे बढ़ाने का काम किया है। लालू-राबड़ी शासनकाल में बिहार को जंगल राज में बदल दिया गया था। उन्होंने बिहार के विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कुछ नहीं किया, उनकी सरकार के दौरान कई चीनी मिलें बंद हो गईं। राजद के शासनकाल में बिहार में हत्या, अपहरण, नरसंहार, चारा घोटाला हुआ। अब बिहार को तय करना है कि लालू-राबड़ी के जंगलराज की ओर जाना है या मोदी-नीतीश के विकास की राह पर जाना है।