Bihar Budget 2026: बिहार में किसानों को अब मिलेंगे 6 की जगह 9 हजार... नीतीश सरकार ने बजट में क्या-क्या किया ऐलान?
बिहार विधानसभा में वित्त मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट पेश किया। यह बिहार के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा बजट है। इस बजट में किसानों के लिए 'जननायक कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि' योजना का ऐलान किया गया है।
- भारत
- 4 min read

बिहार विधानसभा में मंगलवार को वित्त मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। बजट में बिहार सरकार ने प्रदेश के हर वर्ग के लोगों के लिए पिटारा खोला है। मगर किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया गया है। विधानसभा में इस बार 3,47,589.76 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया। जिसमें शिक्षा का बजट 68,216.95 करोड़ रुपये का है। जो इस बजट का सबसे बड़ा हिस्सा है। जानिए किसानों को सरकार ने क्या बड़ा तोहफा दिया है?
बिहार विधानसभा में वित्त मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट पेश किया। यह बिहार के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा बजट है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 30 हजार करोड़ रुपये अधिक है। नीतीश सरकार ने इस बजट में अपने 'सात निश्चय-3' योजना के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन पर विशेष फोकस रखा गया है। वहीं, राज्य के किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया गया है।
कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि योजना का ऐलान
बिहार बजट में किसानों के हित में सबसे महत्वपूर्ण ऐलान 'जननायक कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि' योजना का है। इस नई योजना के तहत अब प्रदेश के किसानों को केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसाना सम्मान निधि (PM-KISAN) के साथ-साथ राज्य सरकार की ओर से कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि का भी लाभ मिलेगा। इसके तहत बिहार के किसानों को सालाना अतिरिक्त 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
किसानों की राशि 6,000 से बढ़कर 9,000 रुपये प्रतिवर्ष होगी
नई योजना के तहत अब राज्य के पात्र किसानों को केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत मिलने वाली सालाना 6,000 रुपये (तीन किस्तों में 2,000-2,000 रुपये) के अलावा बिहार सरकार की ओर से अतिरिक्त 3,000 रुपये प्रतिवर्ष मिलेंगे। यानि की राज्य सरकार की नई पहल के बाद अब किसानों की राशि 6,000 से बढ़कर 9,000 रुपये प्रतिवर्ष हो जाएगी। यह अतिरिक्त राशि भी तीन किस्तों में (प्रति किस्त 1,000 रुपये) सीधे किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी।
Advertisement
विकसित बिहार के सपने को पूरा करने वाला बजट-दिलीप जायसवाल
बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने बिहार बजट 2026-27 पर कहा, "आज का बजट बहुत अच्छा है। यह विकसित बिहार के सपने को पूरा करने वाला बजट है... बजट में इस बात पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया है कि महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी हों... इसमें 1 करोड़ युवाओं का लक्ष्य रखा गया है कि हम आने वाले 5 सालों में उन्हें स्किल्ड करें... इसमें MSME की भी चर्चा की गई है।"
बिहार देश के विकसित प्रदेशों की ओर अग्रसर-संजय सरावगी
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, "हमें याद है 2005 में 23 हजार करोड़ के आस-पास बजट का प्रावधान होता था। पिछली बार करीब 3 लाख 17 हजार करोड़ हुआ और इस बार करीब 3 लाख 40 हजार करोड़ के बजट का प्रावधान हुआ है। बिहार लगातार प्रगति की ओर बढ़ रहा है। बिहार देश के विकसित प्रदेशों की ओर अग्रसर हो रहा है। मैं इस बजट की प्रशंसा करता हूं।"