Bihar CM: नीतीश कुमार के एक बार फिर से मुख्यमंत्री बनते ही अखिलेश यादव का आया रिएक्शन, कहा- आगामी पूरे पांच सालों...

Akhilesh Yadav and Nitish Kumar: न्यूज एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, अखिलेश यादव ने इस बात पर जोर दिया कि नीतीश कुमार ने समाजवादी मूल्यों पर आधारित शासन की हमेशा वकालत की है और उम्मीद जताई कि उनका नया कार्यकाल समावेशिता, कल्याणकारी नीतियों और जनहितैषी निर्णय लेने के सिद्धांतों को प्रतिबिम्बित करेगा।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Akhilesh Yadav and Nitish Kumar
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ सपा मुखिया अखिलेश यादव | Image: Akhilesh Yadav/X

Akhilesh Yadav and Nitish Kumar: बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करने के बाद प्रदेश में एक बार फिर से एनडीए की सरकार बन गई है। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में नीतीश कुमार ने 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, एनडीए शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, बिहार एनडीए के तमाम विधायक और हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

बिहार के एक बार फिर से सीएम बनने पर नीतीश कुमार को देश भर से बधाइयां मिल रही हैं। इस बीच यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा मुखिया सांसद अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी है। उन्होंने पूरे पांच साल के कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं भी दी है।

अखिलेश यादव ने क्या कहा?

न्यूज एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, अखिलेश यादव ने इस बात पर जोर दिया कि नीतीश कुमार ने समाजवादी मूल्यों पर आधारित शासन की हमेशा वकालत की है और उम्मीद जताई कि उनका नया कार्यकाल समावेशिता, कल्याणकारी नीतियों और जनहितैषी निर्णय लेने के सिद्धांतों को प्रतिबिम्बित करेगा।

अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ तस्वीर को शेयर करके लिखा है - बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर श्री नीतीश कुमार जी को बधाई और आगामी पूरे पांच सालों के लिए उनकी अपनी मूल समाजवादी विचारधारा पर आधारित स्वतंत्र शासन-प्रणाली चलाने और जनहितकारी सकारात्मक कार्य करने के लिए शुभकामनाएं!

Advertisement

2005 से बिहार के सीएम हैं नीतीश कुमार 

मालूम हो कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव को नीतीश कुमार के लिए एक अग्निपरीक्षा माना जा रहा था, जो पिछले 20 वर्षों में हर चुनाव में बिहार की राजनीति को अपने इर्द-गिर्द घुमाने में कामयाब रहे हैं।

74 वर्षीय नीतीश कुमार 2014-15 में नौ महीने के छोटे अंतराल को छोड़कर नवंबर 2005 से बिहार के मुख्यमंत्री हैं। इस बार के विधानसभा चुनाव में जनता दल (यूनाइटेड) सुप्रीमो नीतीश कुमार ने बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) द्वारा 202 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने के बाद सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

Advertisement

आगामी पूरे पांच सालों का कार्यकाल चर्चा में क्यों?

बिहार में एक बार फिर से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बन गए हैं। लेकिन विपक्ष पहले से यह सवाल उठाते रहा है कि क्या वह पूरे पांच सालों तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे? या फिर क्या बीजेपी उन्हें आगामी पांच वर्षों तक बिहार का सीएम बने रहने देगी?

चुनाव के दौरान विपक्ष ने लगातार एनडीए और खासकर के बीजेपी पर आरोप लगाया था कि भाजपा नीतीश को सीएम नहीं बनाएगी। लेकिन अब जब नीतीश सीएम बन गए हैं तो विपक्ष का भी मुंह बंद हो गया है। अब कुछ लोग यह चर्चा कर रहे हैं कि नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को देखते हुए बीजेपी शायद उन्हें पूरे पांच सालों तक सीएम न बनाए रखे। हालांकि, ये सिर्फ आशंका और कुछ लोगों के लिए संभावनाएं हैं। इस मामले पर एनडीए और खासकर के बीजेपी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। 

ये भी पढ़ें - सपा के अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद ने नीतीश कुमार को CM बनने पर दी बधाई, लेकिन जो कहा वो सीना भेद देने वाला बयान

Published By:
 Amit Dubey
पब्लिश्ड