अपडेटेड 18 November 2024 at 23:15 IST
नोएडा से बड़ी खबर, बहलोलपुर में तीन मंजिला इमारत गिरी, कई लोगों के दबे होने की आशंका
Noida: नोएडा के सेक्टर 63 में बहलोलपुर में तीन मंजिला इमारत गिरने की खबर सामने आई है। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है।
- भारत
- 2 min read

Noida News: नोएडा के सेक्टर 63 में बहलोलपुर में तीन मंजिला इमारत गिरने की खबर सामने आई है। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। बहलोलपुर के हनुमान मंदिर के पास इस घटना के घटित होने की जानकारी है। थाना सेक्टर 63 क्षेत्रान्तर्गत हनुमान मंदिर के पास बहलोलपुर में एक खाली प्लॉट की नींव खोदी जा रही थी, जिसमें नींव खोदते समय बगल के मकान की दीवार गिर गई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार 2 लोगों को मलबे से निकालकर इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया है। वहीं एक अन्य व्यक्ति के दबे होने की संभावना है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस उच्चाधिकारीगण मौके पर मौजूद है। पुलिस बल व फायर यूनिट द्वारा रेस्क्यू किया जा रहा है।
डीसीपी सेंट्रल शक्ति सिंह ने जानकारी देते हुए कहा, "सेक्टर 63 के बहलोलपुर गांव में नींव खोदी जा रही थी। खुदाई के कारण बगल की एक मंजिला इमारत ढह गई। दो लोगों को बचाया गया है, और संभावना है कि एक व्यक्ति अभी भी फंसा हुआ है। पुलिस और फायरब्रिगेड टीम बचाव कार्य में लगे हुए हैं। अन्य टीमों को सूचित कर दिया गया है और फंसे हुए व्यक्ति को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं।"
नोएडा में मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश गिरफ्तार
वहीं एक अन्य मामले में नोएडा में सोमवार और रविवार रात को मुठभेड़ की अलग अलग घटनाओं के बाद पुलिस ने दो इनामी बदमाश समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया और उनके पास से हथियार, नकदी एवं अन्य सामग्री जब्त की।
Advertisement
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि आज तड़के सेक्टर 42 के जंगल के पास जांच कर रही सेक्टर 39 थाने की पुलिस ने मोटरसाइकिल से दो बदमाशों को आते हुए देखा। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाश उन पर गोली चलाकर भागने लगे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया और उन्हें घेर लिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए।
25-25 हजार रुपए का इनाम था घोषित
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बदमाशों की पहचान हरियाणा के गुरुग्राम निवासी नीरज मल शेख और राजकुमार विश्वास के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। मिश्रा ने बताया कि दोनों बदमाशों के खिलाफ सेक्टर 39, सेक्टर 48 सहित नोएडा के कई थानों में विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। इनकी गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
Advertisement
(इनपुट भाषा)
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 18 November 2024 at 17:53 IST