अपडेटेड 29 March 2025 at 22:21 IST
बंगाल पुलिस ने लोगों से त्योहारों के मद्देनजर शांति बनाए रखने की अपील की
पश्चिम बंगाल पुलिस ने लोगों को ईद-उल-फितर और रामनवमी के त्योहारों के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी फैलाने के कृत्यों के प्रति आगाह किया।
- भारत
- 3 min read

पश्चिम बंगाल पुलिस ने शनिवार को कहा कि शांति और सौहार्द बनाए रखना वर्षों से राज्य की पहचान रहा है और इसने लोगों को ईद-उल-फितर और रामनवमी के त्योहारों के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी फैलाने के कृत्यों के प्रति आगाह किया।
राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) और महानिरीक्षक (आईजीपी) (कानून एवं व्यवस्था) जावेद शमीम ने लोगों से आग्रह किया कि अगर उन्हें कोई फर्जी खबर, वीडियो, भड़काऊ संदेश या अशांति फैलाने का प्रयास नजर आए तो वे पुलिस को सूचित करें।
उन्होंने कहा कि पुलिस को कुछ क्षेत्रों में अशांति फैलाने के प्रयासों के बारे में खुफिया जानकारी मिली है।
शमीम ने कहा, ‘‘हमें पता चला है कि त्योहारों के दौरान लोगों में भावनाएं भड़काने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन सतर्क है तथा यदि किसी को गड़बड़ी पैदा करने की कोई कोशिश नजर आती है, तो हम चाहते हैं कि वह पुलिस को जानकारी दे तथा हम गोपनीयता सुनिश्चित करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई करेंगे।’’
Advertisement
दक्षिण बंगाल के एडीजी एवं आईजीपी सुप्रतिम सरकार ने कहा कि शांति और सौहार्द बनाए रखने की बंगाल की परंपरा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न समुदायों द्वारा ईद और रामनवमी दोनों त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शांति और सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी संदेश, नारे या अभियान से सख्ती से निपटा जाएगा। सरकार ने कहा, ‘‘यदि कोई व्यक्ति दुश्मनी, घृणा फैलाने या शांति भंग करने का प्रयास करते हुए पाया जाता है, तो उस पर कानून की संबंधित धाराओं के तहत आरोप लगाया जाएगा और हमने जनता से सहयोग मांगा है।’’
Advertisement
कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज कुमार वर्मा ने एक अन्य कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं को बताया कि कई संवेदनशील इलाकों को चिह्नित किया गया है और पुलिस नजर रख रही है।
उन्होंने कहा कि स्थिति अब शांतिपूर्ण और सामान्य है। इस बीच, उत्तर बंगाल के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राजेश यादव ने बताया कि मालदा जिले के मोथाबारी में स्थिति सामान्य हो रही है, जहां बृहस्पतिवार को दो समूहों के बीच हुई झड़प के सिलसिले में कुल 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए बैठक की। उन्होंने बताया कि मोथाबारी में सामान्य स्थिति लौट रही है, जहां कुछ दुकानें और अन्य प्रतिष्ठान फिर से खुल गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार शाम को एक धार्मिक जुलूस के एक पूजा स्थल से गुजरने के बाद बृहस्पतिवार को उपद्रव शुरू हुआ था। हिंसा के कारण आगजनी, तोड़फोड़ और लोगों पर हमले हुए।
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 29 March 2025 at 22:21 IST