श्रीकृष्ण पर धीरेंद्र शास्त्री के बयान को लेकर बाबा रामदेव का फूटा गुस्सा, 'ढोंगी-पाखंडी' तक कह डाला, जानें पूरा मामला
बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री पर भड़कते हुए उन्हें ढोंगी-पाखंडी कहा। इस दौरान उन्होंने लोगों से गलत बातों, गलत व्यक्तियों और गलत विचारों के साथ खुद को नहीं जुड़ने देने की अपील की।
- भारत
- 3 min read
Baba Ramdev on Dhirendra Krishna Shastri: कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्री कृष्ण को टेढ़े-मेढ़े कहने पर योगगुरु बाबा रामदेव ने उन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भड़कते हुए बाबा बागेश्वर को ढोंगी, पाखंडी और धूर्त करार दिया है।
बाबा रामदेव ने रविवार को झारखंड के जमशेदपुर में धीरेंद्र शास्त्री का नाम लिए बगैर कहा, 'कुछ लोगों ने न वेद पढ़ा और न ही दर्शन उपनिषद पढ़े हैं। न कुरान, न रामायण, न महाभारत पढ़ा है। न संविधान को जानते हैं और न लोकतंत्र को जानते हैं। बस खड़े होकर बकवास करते हैं और कहते हैं कि हम सनातनी है, हम हिंदू धर्म को बचाएंगे। अरे पहले खुद को ही बचा ले बावले, पाखंडी-धूर्त कहीं का।'
गलत व्यक्ति के साथ न जुड़े- बाबा रामदेव
रामदेव ने कहा, 'मैं यह बात इसलिए कह रहा हूं क्योंकि हमें गलत बातों, गलत व्यक्तियों और गलत विचारों के साथ खुद को नहीं जोड़ना है।' उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के किसी एक छोटे से पहलू को लेकर भीड़ को उत्तेजित करने वाले ये ढोंगी और पाखंडी कथाकार धर्म, देवी-देवताओं और भूत-प्रेत बाधा के नाम पर लोगों में धार्मिक उन्माद पैदा कर उनका शोषण कर रहे हैं। लेकिन किसी भी प्रकार से किसी का शोषण नहीं होना चाहिए।
बाबा रामदेव का अंधविश्वास पर तंज
अंधविश्वास पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि ये लोग दिखावा करते हैं कि वे किसी के भी अंदर भूत घुसा सकते हैं। थोड़े बाल बिखेरकर पांच बार इधर और पांच बार उधर झटका दिया और कह दिया कि भूत-प्रेत की बाधा आ गई है; फिर उस पर पानी छिड़क दिया और काम हो गया।
Advertisement
माफी के बाद भी बयान दोहराने पर भड़के
इस दौरान बाबा रामदेव ने स्पष्ट किया कि वे यह सब क्यों कह रहे हैं। उनके मुताबिक, इस तरह के पाखंड का सबसे ज्यादा शिकार हमारी मां, बहन और बेटियां होती हैं। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि जो लोग देवी-देवताओं की आपस में तुलना करते हैं और कहते हैं कि भगवान श्रीराम महान हैं और श्रीकृष्ण 'टेढ़े-मेढ़े' हैं, और फिर बाद में माफी मांग लेते हैं। बांके बिहारी के आगे मत्था टेकने के बाद भी यह कहना कि 'कृष्ण तो टेढ़े ही हैं', बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पाखंडी की मति मारी गई है। ऐसी बातें नहीं बोलनी चाहिए। समाज में किसी को भी हल्की बातें बोलने का अधिकार नहीं है। हरेक चीज की एक मर्यादा है।
उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं में तुलना नहीं करनी चाहिए। हंसी-ठिठोली में अपने अवतारी सत्ताओं का अनादर अपमान नहीं करना चाहिए। हमारी क्या औकात है कि हम देवी-देवताओं की तुलना या उनका अपमान करें?
Advertisement
ये सब देखकर हमें पीड़ा होती है- बाबा रामदेव
इतना ही नहीं, उन्होंने बताया कि वे पहले व्यक्तिगत रूप से समझाने की कोशिश करते हैं, लेकिन बात न बनने पर उन्हें मंच से बोलना पड़ता है, ताकि सनातन धर्म के नाम पर हो रहे ढोंग और आडंबर को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि यह देखकर हमें भीतर से पीड़ा होती है। हम साधु हैं, इसलिए कभी भी विपक्षिप्तता (उन्माद) वाली बात नहीं करेंगे।