CJP Protest: ट्रैफिक डायवर्जन, बॉर्डर पर पैरामिलिट्री फोर्स और दुकानें बंद...आज फिर 'कॉकरोच' करने जा रहे बड़ा प्रोटेस्ट, कैसी है पुलिस की तैयारी
अंजिक्य शिंदे ने बताया कि रविवार सुबह 10 बजे से जंतर-मंतर की ओर कूच किया जाएगा। सीजेपी के प्रदर्शन के मद्देनजर रविवार को सेंट्रल दिल्ली, नई दिल्ली और कनॉट प्लेस के आसपास के प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन हो सकता है।
- भारत
- 2 min read

राजधानी दिल्ली में जवानों की भारी तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार को प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर तक नहीं पहुंच पाए। हालांकि लगभग 22 जगहों पर छोटे-छोटे गुटों में प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की। कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका पुलिस हिरासत में हैं और इस बीच प्रदर्शन की कमान अजिंक्य शिंदे संभाल रहे हैं। शिंदे ने ऐलान किया है कि रविवार को भी प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक सीईसी ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं हो जाता वे पीछे नहीं हटेंगे।
वहीं, इसी के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर, इंडिया गेट और संसद मार्ग समेत अन्य प्रमुख जगहों पर सुरक्षा बढ़ी दी है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग लगाकर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया है।
आज भी ट्रैफिक डायवर्जन और दुकानें बंद
अंजिक्य शिंदे ने बताया कि रविवार सुबह 10 बजे से जंतर-मंतर की ओर कूच किया जाएगा। सीजेपी के प्रदर्शन के मद्देनजर रविवार को सेंट्रल दिल्ली, नई दिल्ली और कनॉट प्लेस के आसपास के प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन हो सकता है। शंकर रोड-वंदे मातरम टी-पॉइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां, मंडी हाउस, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मिंटो रोड-डीडीयू मार्ग, गुरु नानक चौक और चेम्सफोर्ड रोड-आउटर सर्कल कनॉट प्लेस टी-पॉइंट, जैसे स्थानों पर रविवार को ट्रैफिक डायवर्ट हो सकता है। सीजेपी के प्रोटेस्ट के चलते आज भी कई जगहों पर दुकानें बंद रहेंगी।
Advertisement
दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती नहीं
दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर आज पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती नहीं है। यहां सिर्फ दिल्ली पुलिस के कुछ जवान तैनात हैं। वहीं, चिल्ला बॉर्डर पर भी ट्रैफिक बिना किसी रुकावट के सामान्य रूप से जारी है।
Advertisement
अभिजीत दिपके, सौरव दास और रांका को कोर्ट में पेश करने की तैयारी
अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका अब भी हिरासत में हैं। सूत्रों के मुताबिक, तीनों को CRPC की धारा 107/151 के तहत एहतियातन हिरासत में रखा गया है। हालांकि, अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। सूत्रों के मुताबिक, तीनों को एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।
लाउडस्पीकर के जरिए दी जा रही चेतावनी
CJP के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के कई इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है। मेट्रो स्टेशन खोल दिए गए हैं और मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं। नई दिल्ली में इंटरनेट भी जारी हैं। कनॉट प्लेस में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। वहीं, लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को चेतावनी दी जा रही है।