अपडेटेड 21 January 2025 at 12:30 IST
'भाजपा की नीतियों में दिखाई देती है आंबेडकर की विचारधारा की झलक', बोले अनुराग ठाकुर
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ सांसद अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि पार्टी की नीतियां डॉ बीआर आंबेडकर की विचारधाराओं को प्रतिबिंबित करती हैं।
- भारत
- 2 min read
Anurag Thakur: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ सांसद अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि पार्टी की नीतियां डॉ बीआर आंबेडकर की विचारधाराओं को प्रतिबिंबित करती हैं और नरेन्द्र मोदी सरकार संविधान निर्माता के सिद्धांतों के आधार पर राष्ट्र निर्माण कर रही है।
विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए ठाकुर ने कहा कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार डॉ. आंबेडकर की विचारधारा से प्रभावित होकर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सोमवार को कहा, ‘‘ यूसीसी सभी समुदायों के लिए समानता सुनिश्चित करती है। यूसीसी विवाह, तलाक, गोद लेने और उत्तराधिकार के नियमों पर धर्म-केन्द्रित कानूनों को समाप्त करेगी और सभी को समान कानून प्रदान करेगी।’’
भाजपा नेता ने यह बात भारतीय संविधान के 75 वर्ष पूरे होने और आंबेडकर के सम्मान में पार्टी के दो सप्ताह के कार्यक्रम ‘संविधान गौरव अभियान’ में भाग लेते हुए कही। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने ‘‘राजनीतिक लाभ’’ के लिए संविधान में कई बार संशोधन किया, जबकि भाजपा और गैर-कांग्रेसी दलों ने ऐसा कम ही किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने संविधान में 75 बार संशोधन किया है, जबकि अन्य सरकारों ने 31 बार इसी तरह के कदम उठाए। उन्होंने पंडित जवाहर लाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी और सोनिया गांधी सहित पूरी कांग्रेस पार्टी पर जीवन भर आदिवासियों, दलितों और अन्य पिछड़ी जातियों के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ने वाले डॉ. आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी पर संविधान के नाम पर लोगों को गुमराह करने का भी आरोप लगाया।
Advertisement
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 21 January 2025 at 12:30 IST