'क्यों झूठे ख्यालों में दिन-रात करें... अमेरिका से डील नहीं ढील हुई, 11 महीने इंतजार क्यों', लोकसभा में अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने लोकसभा में केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा किअमेरिका से डील नहीं, ढील हुई है। 500 बिलियन डॉलर का व्यापार क्या एकतरफा है? हमारी आत्मनिर्भरता कहां जाएगी? स्वदेशी नारा कहां जाएगा?
- भारत
- 3 min read

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव ने मंगलवार 10 फरवरी को लोकसभा में बजट सत्र पर चर्चा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने सदन में बोलते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बजट को दिशाहीन बताते हुए महंगाई, किसानों की उपेक्षा और सोने-चांदी की आसमान छूती कीमतों के साथ-साथ भारत अमेरिका डील को लेकर सरकार पर तंज कसा।
लोकसभा में अखिलेश यादव ने कहा, केंद्र सरकार की ओर से दिशाहीन बजट पेश किया गया है। इसमें गरीब, पिछड़े, दलित के लिए कुछ भी नहीं है। सरकार को कम से कम फ्री राशन पाने वालों की पर कैपिटा इनकम तो बताना ही चाहिए। यूपी जैसे प्रदेश की डबल इंजन की सरकार को बहुत कुछ कहा जाता है। मगर बजट में उत्तर प्रदेश के लिए कोई घोषणा नहीं की गई है।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर क्या बोले अखिलेश?
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा, “अमेरिका से डील नहीं हुई है। क्यों झूठे ख्यालों में दिन-रात करें, जो बनाते हैं हवा में बातों के महल आओ उनसे कुछ जमीनी बात करें। सभापति महोदय बजट आने से पहले और बजट आने के बाद पूरा देश और पूरे देश में बहस चल रही थी कि अमेरिका को लेकर के डील होने जा रही है। मुझसे पहले अभी जो भारतीय जनता पार्टी की माननीय सदस्य बोल रहीं थीं कि हमने दुनिया में बहुत सारे देशों से फ्री ट्रेड एग्रीमेंट कर लिया है।”
सभापति महोदय में भारतीय जनता पार्टी की सरकार से जानना चाहूंगा कि अभी कितने देश बचे हैं जिनसे फ्री ट्रेड एग्रीमेंट अभी नहीं हो पाया है। जिन देशों के साथ अभी एग्रीमेंट करने जाते हैं, जो लोग कभी रुपए के बारे में बहुत चिंता करते थे। कभी-कभी उम्र से कभी-कभी दूसरे लोगों की उसे जोड़ देते थे। इतने सब फ्री ट्रेड एग्रीमेंट होने के बाद और अमेरिका से डील नहीं ढील हुई है। उसके बाद अगर यही डील होनी थी तो 11 महीने का इंतजार क्यों ?
Advertisement
अमेरिका से डील नहीं, ढील हुई-अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा का पक्ष है कि हमने दुनिया में बहुत देशों से FTA कर लिया है। जो लोग कभी रुपए के बारे में बहुत चिंता करते थे कभी उम्र से कभी दूसरे तरीके से, इतने FTA के बाद हमारा रुपया कहां पहुंचेगा? अमेरिका से डील नहीं, ढील हुई है। 500 बिलियन डॉलर का व्यापार? एकतरफा? हमारी आत्मनिर्भरता कहां जाएगी? स्वदेशी नारा कहां जाएगा? हमारे देश की जनता भाजपा से कह रही है जहां तक हमें मालूम है डील एकतरफा नहीं होती है। जनता जानना चाहती है कि 0 बड़ा कि 18?
केंद्र सरकार की विकसित भारत के लक्ष्य पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने लोकसभा में कहा, कोई विजन नहीं है कि हमारा देश 2047 तक विकसित भारत बन जाएगा। समाजवादी को तो इस सरकार से पहले ही उम्मीद नहीं थी, जिस सरकार से उम्मीद न हो तो उसके बजट से क्या उम्मीद।