अपडेटेड 15 June 2025 at 15:21 IST
Ahmedabad Air India Plane Crash: मैच हुआ पूर्व सीएम विजय रुपाणी का DNA सैंपल, राजकोट में होगा अंतिम संस्कार
गृह मंत्री हर्ष संघवी ने रविवार को बताया कि डीएनए टेस्ट से रूपाणी की पहचान सुनिश्चित हुई है। शाम तक उनका पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सौंपा जाएगा।
- भारत
- 3 min read

अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो गई है। गृह मंत्री हर्ष संघवी ने रविवार को बताया कि डीएनए टेस्ट से रूपाणी की पहचान सुनिश्चित हुई है। शाम तक उनका पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सौंपा जाएगा। विजय रूपाणी एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 में सवार थे, जो अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद क्रैश हो गई। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो चुकी है। हादसे में सिर्फ एक व्यक्ति जीवित बचा, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। यह दुर्घटना भारत के नागरिक उड्डयन इतिहास की सबसे भीषण त्रासदियों में से एक मानी जा रही है।
गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा, "हमारे नेता विजयभाई रूपाणी, जिन्होंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा गुजरात की सेवा में लगाया, उनका इस दुखद विमान हादसे में निधन हो गया। सुबह 11:10 बजे डीएनए जांच से उनकी पहचान की पुष्टि हुई। यह राज्य और देश दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है।" वहीं अहमदाबाद सिविल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि “शवों की स्थिति अत्यंत जली हुई थी, जिससे पहचान कर पाना संभव नहीं था। इसलिए डीएनए मिलान के जरिए ही पहचान की जा रही है। राज्य सरकार की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दी जा रही है।”
राजकोट लाया जा सकता है पार्थिव शरीर
अब चूंकि डीएनए मैच हो गया है तो कहा जा रहा है कि विजय रुपाणी का पार्थिव शरीर अस्पताल से राजकोट लाया जाएगा। बीजेपी प्रवक्ता राजूभाई ध्रुव ने शनिवार को बताया था कि पूर्व सीएम के पार्थिव शरीर को ग्रीनलैंड चौराहे से उनके निवास स्थान प्रकाश सोसायटी तक लाया जाएगा।
Advertisement
अबतक 14 शवों को सौंपा गया
समाचार एजेंसी PTI ने एक अधिकारी के हवाले से बताया है कि अफसरों ने डीएनए परीक्षण के जरिए अब तक 32 पीड़ितों की पहचान कर ली है और 14 शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं। अतिरिक्त सिविल अधीक्षक डॉ. रजनीश पटेल ने संवाददाताओं को बताया, “अब तक 32 डीएनए नमूनों का मिलान हो चुका है और 14 शवों को उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। पीड़ित उदयपुर, वडोदरा, खेड़ा, मेहसाणा, अरवल्ली, अहमदाबाद और बोटाद जिलों के रहने वाले थे।”
Advertisement
मृतकों की पहचान के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद अस्पताल में 250 से अधिक मेडिकल स्टाफ, डॉक्टरों और स्वयंसेवकों ने तत्काल मोर्चा संभाला। घायलों के इलाज और मृतकों की पहचान के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है। विजय रूपाणी की मौत की खबर फैलते ही पूरे गुजरात और देश भर में शोक की लहर दौड़ गई।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 15 June 2025 at 15:21 IST