नोएडा की घटना से नहीं सीखा सबक, अब दिल्ली के जनकपुरी में गड्ढे में गिरकर बाइक सवार की मौत, परिजनों ने रातभर लगाए थाने के चक्कर

Delhi Janakpuri Accident News: नोएडा के बाद अब दिल्ली में गड्ढे में गिरने से बाइक सवार युवक कमल की मौत हो गई है। कमल गुरुवार, 5 फरवरी की रात को ऑफिस से घर लौट रहा था, उसी वक्त ये हादसा हुआ। मामले को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Delhi Janakpuri Accident news
जनकपुरी में गड्ढे में गिरने से युवक की मौत | Image: Republic

Delhi Janakpuri news: नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत का मामला अभी पूरी तरह ठंडा भी नहीं पड़ा था कि इस बीच देश की राजधानी दिल्ली से ऐसी ही एक घटना सामने आ गई है। जनकपुरी इलाके में एक गहरे गड्ढे में गिरने से बाइक सवार युवक कमल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह गड्ढा दिल्ली जल बोर्ड से जुड़ा था। मामले को लेकर प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ऑफिस से घर लौट रहा था कमल, तभी…

हादसा गुरुवार (5 फरवरी) की रात उस वक्त हुआ, जब कमल अपने ऑफिस से घर लौट रहा था। जानकारी के अनुसार, वह रोहिणी स्थित दफ्तर से घर लौट रहा था और कैलाशपुरी में रहता था। कमल की घरवालों से लगातार बात हो रही थी, लेकिन जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिवारवाले उसे ढूंढने निकले।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

परिजनों के अनुसार, वे रातभर आधा दर्जन थानों के चक्कर लगाते रहे, जिसमें जनकपुरी से लेकर सागरपुर, विकासपुरी और रोहिणी भी शामिल थे। परिवारवालों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में गंभीरता नहीं दिखाई। सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस का कॉल आया, जिसके बाद घटना का पता चला।

मौके पर पहुंचने पर कमल अपनी बाइक के साथ गड्ढे में गिरा मिला। फिलहाल, परिवारवाले हादसे के लिए जल बोर्ड की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। साथ ही उनका यह भी कहना है कि हो सकता है किसी ने कमल की हत्या कर गड्ढे में फेंक दिया हो। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Advertisement

कोई दोषी पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा- आशीष सूद

दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने कहा, "मुझे इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे की खबर सुबह 8:30-9 बजे के आसपास मिली, और मैं तब से यहीं हूं... यहां दिल्ली जल बोर्ड का काम चल रहा था, और मैंने जल बोर्ड को इसकी जांच करने का निर्देश दिया है। अगर कोई दोषी पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। जल बोर्ड ने सभी सेफ्टी प्रोटोकॉल का ऑडिट किया था और सर्कुलर जारी किए थे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।"

AAP ने BJP पर साधा निशाना

घटना को लेकर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की बीजेपी सरकार को घेरा है। उन्होंने X पर पोस्ट कर लिखा, "शॉकिंग। सड़क में गहरे गड्ढे में एक मासूम बाइक सवार गिर कर फंस गया, रात भर पड़ा रहा और मर गया। नोएडा की घटना से दिल्ली की भाजपा सरकार ने कुछ नहीं सीखा। बस रोज झूठ बोला जाता है।"

Advertisement

इससे पहले 16 जनवरी को नोएडा के सेक्टर-150 में बेसमेंट के लिए बनाए जा रहे गड्ढे में गिरने से इंजीनियर युवराज की कार गिर गई थी। घने कोहरे के चलते कार चला रहे युवक को रास्ता नहीं दिखा। करीब 2 घंटों तक युवराज अंदर से मदद के लिए गुहार लगाता रहा, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

यह भी पढ़ें: जालंधर में AAP नेता लक्की ओबेरॉय की दिनदहाड़े हत्या, गुरुद्वारे के बाहर बदमाशों ने मारी धड़ाधड़ पांच गोलियां; इलाके में दहशत

Published By:
 Ruchi Mehra
पब्लिश्ड