'निजता की आड़ में देश के खिलाफ साजिश की इजाजत नहीं', राहुल गांधी के फोन टैपिंग के दावे पर बोले आचार्य प्रमोद कृष्णम
राहुल गांधी के फोन टैपिंग के दावे पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने उन्हें घेरते हुए कहा कि उन्हें यह भी बताना चाहिए कि फोन टैपिंग की शुरुआत कौन सी सरकार में हुई थी। साथ ही कहा कि निजता की आड़ में देश के खिलाफ साजिश करने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती है।
- भारत
- 3 min read

Acharya Pramod Krishnam: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों पर श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पार्टी के पिछले कार्यकालों पर कई सवाल खड़े किए हैं।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि राहुल गांधी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि देश में फोन टैपिंग की शुरुआत आखिर किस सरकार के दौरान हुई थी। इस दौरान उन्होंने अपने बयान में अमर सिंह, मुलायम सिंह यादव और उस समय के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए उनके फोन टैप कराए जाने का मुद्दा उठाते हुए सवाल पूछे।
फोन टैपिंग की शुरुआत कौन सी सरकार में हुई?- आचार्य
उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी को यह भी बताना चाहिए कि फोन टैपिंग की शुरुआत कौन सी सरकार में हुई थी? अमर सिंह के फोन कौन टैप कराता था। विपक्षी नेताओं के फोन कौन टैप करता था? नरेंद्र मोदी उस समय मुख्यमंत्री थे, उनके फोन कौन टैप कराता था? मुलायम सिंह के फोन कौन टैप करता था।'
'सरकार को उनके आरोपों का जवाब देना चाहिए'
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने दोहराया कि राहुल गांधी को यह भी बताना चाहिए कि फोन टैपिंग का सिलसिला आखिर शुरु कब हुआ था। जहां तक उनके आरोपों का सवाल है तो उसकी सफाई, स्पष्टीकरण या जवाब सरकार को देना चाहिए।
Advertisement
'देश की सुरक्षा से जुड़े मामले में फोन टैपिंग जरूर हो'
वह कहते हैं कि राहुल गांधी (कांग्रेस) की सरकार के दौरान फोन टैपिंग की शुरुआत हुई थी। यदि कोई मामला देश की सुरक्षा से जुड़ा हो, तो फोन टैपिंग जरूर होनी चाहिए। निजता के अधिकार की आड़ में देश के खिलाफ साजिश करने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती, चाहे वो राहुल गांधी हों।
क्या है पूरा मामला?
राहुल गांधी ने दावा किया कि उनका फोन टैप कराया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'मेरे सभी आरोपों के सबूत मेरे इस फोन में है। प्रधानमंत्री को यह बात पता है क्योंकि वे मेरा फोन टैप करते हैं। जिस पल वे आमने-सामने की बहस के लिए आएंगे, सबको पता चल जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है, कौन देशद्रोही है, वे कब से देशद्रोही हैं, और ऐसी ही कई अन्य बातें जो मुझे पता हैं और मेरे फोन में मौजूद हैं।'