राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में देशभर में सिग्नेचर कैंपेन चलाएगी AAP, घर-घर जाएंगे कार्यकर्ता, सुंदरकांड पाठ से होगी शुरुआत
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 12 जुलाई से देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान का ऐलान किया है। रोहिणी में सुंदरकांड पाठ से इस कैंपेन की शुरुआत होगी।
- भारत
- 3 min read

Arvind Kejriwal news: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर सियासी पारा दिन पर दिन और हाई होता जा रहा है। अब दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देशव्यापी सिग्नेचर कैंपेन शुरू करने का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि AAP के इस कैंपेन की शुरुआत रविवार (12 जुलाई) से होगी। इस दिन दिल्ली के रोहिणी में सुंदरकांड का पाठ कराया जाएगा और फिर कैंपेन शुरू होगा।
आम आदमी पार्टी (AAP) संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार (10 जुलाई) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सिर्फ 8 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि बड़े नामों को बचाने की कोशिश की जा रही है। इसलिए, अब लोगों को आवाज उठानी होगी और भगवान की शरण में जाना होगा।
रविवार को होगा सुंदरकांड पाठ
उन्होंने कहा कि इस रविवार सुबह 11.30 बजे हम रोहिणी में 'सुंदरकांड पाठ' करेंगे। मैं सभी श्रद्धालुओं और 'राम भक्तों' से बड़ी संख्या में वहां पहुंचने की अपील करता हूं। वहां भगवान का आशीर्वाद लेने के बाद, देश भर में जहां-जहां AAP के वॉलंटियर्स हैं, वहां एक सिग्नेचर कैंपेन शुरू किया जाएगा। यह सिर्फ AAP की बात नहीं है, भगवान राम के जो भी भक्त इस घटना से आहत हैं, वे इस अभियान का हिस्सा बनेंगे।
केजरीवाल ने साफ किया कि यह किसी पार्टी विशेष का आंदोलन नहीं है। भगवान राम के जो श्रद्धालु इस घटना से आहत हैं, वे सभी इसका हिस्सा बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत जुटाए गए हस्ताक्षरों के साथ एक पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा जाएगा और मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच की मांग की जाएगी।
Advertisement
घर-घर जाएंगे केजरीवाल
केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चिट्ठी भी पढ़कर सुनाई। इस पत्र पर लिखा होगा, "जिन लोगों ने भगवान राम के मंदिर के चंदे में चोरी की, उन्हें सबके सामने फांसी दी जानी चाहिए। इसे छिपाना बहुत बड़ा पाप है।" उन्होंने कहा कि इस पत्र पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके लिए हम घर-घर जाएंगे।