दिल्ली हारने के बाद 10 दिनों के लिए पंजाब जा रहे अरविंद केजरीवाल, तेज हुई सियासी हलचल... जानिए क्या है दौरे की वजह?
दिल्ली चुनाव में AAP की हार के बाद से ही पंजाब में सियासी हलचल तेज है। इस बीच अब अरविंद केजरीवाल 10 दिनों के पंजाब दौरे पर जाने के लिए तैयार हैं।
- भारत
- 3 min read

Arvind Kejriwal on Punjab Visit: दिल्ली चुनाव में हार के बाद अब AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल अगले 10 दिनों के लिए पंजाब में रहने वाले हैं। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ध्यान शिविर के लिए आज (4 मार्च) को होशियारपुर के लिए रवाना होंगे। 15 मार्च तक केजरीवाल एक केंद्र में विपश्यना सत्र में शामिल होने वाले हैं।
दिल्ली की सत्ता गंवाने के बाद अरविंद केजरीवाल अबतक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। उनके राजनीतिक भविष्य पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। दिल्ली में हार के बाद केजरीवाल आगे क्या करेंगे, ये बड़ा सवाल बना हुआ है। इस बीच उनके पंजाब की राजनीति में एंट्री की भी चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं।
विपश्यना सत्र में शामिल होंगे केजरीवाल
तमाम दावों और अटकलों के बीच AAP संयोजक केजरीवाल 10 दिनों के विपश्यना सत्र में भाग लेने के लिए पंजाब जा रहे हैं। वह ध्यान शिविर के लिए होशियारपुर जाएंगे। जानकारी के अनुसार ये सत्र 5 से 15 मार्च तक चलेगा। इससे पहले भी कई बार केजरीवाल विपश्यना केंद्र पर जाते रहे हैं। दिसंबर 2023 में उन्होंने होशियारपुर के आनंदगढ़ में धम्म धजा विपश्यना केंद्र में 10 दिवसीय सत्र में भाग लिया था।
इसके अलावा जब दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में ईडी की ओर से उन्हें पूछताछ के लिए समन जारी किया गया, तब भी केजरीवाल होशियारपुर गए थे।
Advertisement
चुनाव में हार के बाद पहली बार दिल्ली से बाहर जा रहे केजरीवाल
दिल्ली चुनाव के नतीजे इस बार आम आदमी पार्टी और खासतौर पर अरविंद केजरीवाल के लिए बड़ा झटका साबित हुए। जो AAP पिछले 11 सालों से दिल्ली की सत्ता पर काबिज थी और पिछले 2 बार के चुनावों से एकतरफा जीत हासिल करती आ रही है। वो पार्टी इस बार केवल 22 सीटों पर सिमटकर सत्ता से बाहर हो गई। इतना ही नहीं अरविंद केजरीवाल अपनी नई दिल्ली सीट तक गंवा बैठे। उनके साथ AAP के दिग्गज नेताओं मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, सौरभ भारद्वाज को हार का सामना करना पड़ा।
पंजाब में सियासी हलचल तेज
दिल्ली चुनाव में मिली करारी हार के बाद से ही अरविंद केजरीवाल ने अबतक सार्वजनिक तौर पर सामने नहीं आए हैं। वो अब आगे क्या करेंगे, इसको लेकर तमाम दावे किए जा रहे हैं और तरह-तरह की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। जहां पंजाब से भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद से हटाने की भी चर्चाएं हैं। हालांकि AAP ने इसका खंडन किया है। इसके अलावा केजरीवाल के पंजाब के जरिए राज्यसभा में एंट्री की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। वहीं कांग्रेस ने दावा किया है कि AAP के कई विधायक उनके पाले में आने को तैयार हैं, जिससे राज्य की सियासत में खलबली मची है। इन सबके बीच उनका ये पंजाब दौरा काफी अहम माना जा रहा है।