पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए AAP की 40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी, धूरी से चुनाव लड़ेंगे CM मान, जेल से ताल ठोकेंगे मंत्री संजीव अरोड़ा
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए आम आदमी पार्टी ने चुनावी तैयारियों के बीच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं।
- भारत
- 3 min read

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए आम आदमी पार्टी ने चुनावी तैयारियों के बीच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। खास बात यह है कि सूची में कैबिनेट के किसी भी मंत्री का नाम शामिल नहीं है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने दिल्ली में पत्रकार वार्ता कर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इससे पहले दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के आवास पर पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई।
पहली सूची में कैबिनेट मंत्रियों को जगह नहीं मिलने से राजनीतिक गलियारों में कई सवाल उठ रहे हैं। क्या पार्टी ने मंत्रियों के टिकट को लेकर फैसला अगली सूची के लिए टाल दिया है या उनके विधानसभा क्षेत्रों में नए चेहरों को लेकर मंथन चल रहा है? अब अगली सूची में मंत्रियों और मौजूदा विधायकों के नामों पर सभी की नजर रहेगी।
CM भगवंत मान धुरी से लड़ेंगे चुनाव
आम आदमी पार्टी की पहली लिस्ट में सीएम भगवंत मान का नाम भी शामिल है। वह संगरूर जिले की धुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वह 2022 में भी इसी सीट से चुनाव लड़े थे। भगवंत मान ने इस सीट से कांग्रेस के दलवीर सिंह गोल्डी को चुनाव हराया था। 2022 के चुनाव में भगवंत मान को 82 हजार 592 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस के दलबीर सिंह गोल्डी को 58 हजार 206 वोट मिले थे।
Advertisement
इस तरह से भगवंत मान ने इस सीट पर 24 हजार 386 वोटों से जीत हासिल की थी। इस चुनाव में मान ने एक तरफा मुकाबले में कांग्रेस प्रत्याशी को हराया था। इस बार भी वह इसी सीट से मैदान में होंगे।
जेल से चुनाव लड़ेंगे मंत्री संजीव अरोड़ा
Advertisement
पार्टी ने 37 विधायकों को फिर से टिकट दिया है। आप की पहली लिस्ट में जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा भी लुधियाना वेस्ट सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा अजनाला सीट से विधायक कुलदीप सिंह धालीवाला मैदान में होंगे और तरनतारन से हरमीत सिंह संधू, एमएएस नगर से कुलवंत सिंह उम्मीदवार हैं।
30 से 40 विधायकों के टिकट कटने की चर्चा
पार्टी के भीतर 30 से 40 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे जाने की चर्चा पहले से है। ऐसे में पहली सूची से यह देखने का मौका मिलेगा कि पार्टी कितने मौजूदा विधायकों पर दोबारा भरोसा जताती है और कितने क्षेत्रों में नए चेहरों को मौका देती है। जिन विधानसभा क्षेत्रों में मौजूदा विधायकों के रहते नए हलका प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, वहां उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी उत्सुकता बनी हुई है।