छत्तीसगढ़: नगरीय निकाय चुनाव में दोपहर 12 बजे तक 35 प्रतिशत मतदान

छत्तीसगढ़ में मंगलवार को रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर नगर निगमों सहित 173 नगरीय निकायों के लिए मतदान जारी है जिसमें दोपहर 12 बजे तक लगभग 35 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया है।

Follow : Google News Icon  
Chhattisgarh Elections
छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव | Image: PTI/ Representative

छत्तीसगढ़ में मंगलवार को रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर नगर निगमों सहित 173 नगरीय निकायों के लिए मतदान जारी है जिसमें दोपहर 12 बजे तक लगभग 35 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया है। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने यहां बताया कि आज सुबह आठ बजे 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषदों और 114 नगर निगमों में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ।

अधिकारियों ने बताया, ''दोपहर 12 बजे तक लगभग 35 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान शाम पांच बजे समाप्त हो जाएगा।'' उन्होंने कहा कि सुकमा और दुर्ग नगरीय निकायों के पांच वार्डों के उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है। अभी तक किसी भी मतदान केंद्र से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है तथा मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। राज्य के नगरीय निकायों में हो रहे इस चुनाव में 10 हजार से अधिक उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जहां मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच है। हालांकि, बड़ी संख्या में निर्दलीय और बागी उम्मीदवार राष्ट्रीय दलों के उम्मीदवारों के लिए बड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं।

उपचुनाव के लिए 20 केंद्रों पर मतदान

उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 44,90,360 मतदाता करेंगे, जिनमें 22,08,625 पुरुष, 22,81,226 महिलाएं और 509 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि मतदान के लिए कुल 5,970 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 1,531 को संवेदनशील और 132 को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। वहीं उपचुनाव के लिए 20 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान ईवीएम के जरिए हो रहा है।

उन्होंने बताया कि ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण कुछ मतदान केंद्रों में मतदान बाधित होने की खबरें हैं। रायपुर नगर निगम में महापौर पद के लिए भाजपा की मीनल चौबे और कांग्रेस की दीप्ति दुबे के बीच मुकाबला हो रहा है। दीप्ति दुबे पूर्व महापौर प्रमोद दुबे की पत्नी हैं। वहीं राजनांदगांव नगर निगम में महापौर पद के लिए भाजपा ने पूर्व सांसद मधुसूदन यादव को तथा कांग्रेस ने निखिल द्विवेदी को चुनाव मैदान में उतारा है। अंबिकापुर नगर निगम में महापौर पद के लिए कांग्रेस के डॉक्टर अजय तिर्की और भाजपा की मंजूषा भगत के बीच मुकाबला है। मतगणना 15 फरवरी को होगी।

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'हम पंजाब में...' दिल्ली में तख्तापलट के बाद अब क्या करेगी 'आप'?

Published By :
Rupam Kumari
पब्लिश्ड