Mahakumbh 2025: महाकुंभ में 30 लाख विदेशी पर्यटकों के आने की उम्मीद: गजेंद्र सिंह शेखावत

Mahakumbh: केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में 30 लाख विदेशी आगंतुकों के आने की उम्मीद है।

Follow : Google News Icon  
Gajendra Singh Shekhawat
Gajendra Singh Shekhawat | Image: ani

Mahakumbh: केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बृहस्पतिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में 30 लाख विदेशी आगंतुकों के आने की उम्मीद है। दुनिया का सबसे बड़ा यह धार्मिक उत्सव 13 जनवरी से 26 फरवरी, 2025 तक आयोजित किया जा रहा है।

शेखावत ने बृहस्पतिवार को यहां शुरू हुए तीन दिवसीय ‘आउटबाउंड ट्रैवल मार्ट’ में कहा, ‘‘शुरू में, हमने अनुमान लगाया था कि वर्ष 2025 के महाकुंभ मेले में लगभग 15 लाख विदेशी आगंतुक आएंगे, जिसमें प्रवासी भारतीय (एनआरआई) शामिल नहीं हैं। हालांकि, प्रतिक्रिया और आमद को देखते हुए हमने अपने पहले के अनुमान को दोगुना करके 30 लाख विदेशी यात्रियों का अनुमान लगाया है।”

इसके अलावा, मंत्री ने कहा कि विदेशी आगंतुकों में देश के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने ई-वीजा सुविधाएं शुरू की हैं और यात्रा सुगमता के लिए पिछले 10 वर्षों में देश में बुनियादी ढांचे का विकास किया है।

इसके अलावा, ‘चलो इंडिया’ पहल के माध्यम से प्रवासी भारतीयों से दुनिया भर में अपने गैर-भारतीय मित्रों को भारत दिखाने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे कई स्थान, गांव और आदिवासी क्षेत्र हैं जो अपने आप में अनूठे हैं और देश की संस्कृति की गहराई को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘इसे बढ़ावा देने के लिए हमने आदिवासी क्षेत्रों में 1,000 से अधिक ‘होम स्टे’ (पर्यटकों के लिए घर जैसा स्थान) उपलब्ध कराने पर काम करना शुरू कर दिया है, जो न केवल ग्रामीणों के लिए आय का एक और स्रोत बन जाएगा, बल्कि कुछ अलग तलाश रहे पर्यटकों को भी एक अनूठा अनुभव प्रदान करेगा। इससे ‘जेन जेड’ (1997 और 2010 के बीच पैदा हुए लोग) को कुछ अलग अनुभव करने का अवसर मिलेगा, क्योंकि वे आमतौर पर पारंपरिक पर्यटन या ज्ञात स्थलों को पसंद नहीं करते हैं।”

मंत्री ने कहा कि पर्यटन मंत्रालय ने नए गंतव्यों की पेशकश करने और देश और दुनिया भर के लोगों को देश की विविधता की ताकत दिखाने के लिए ‘अतुल्य भारत’ वेबसाइट को नए सिरे से तैयार किया है।

Advertisement

इसे भी पढ़ें: Mahakumbh: 'षड्यंत्र चल रहा है, कुछ लोग महाकुंभ को बिगाड़ना चाहते हैं', भगदड़ को लेकर धीरेंद्र शास्त्री का इशारा किधर?

Published By :
Deepak Gupta
पब्लिश्ड