अपडेटेड 21 June 2025 at 07:18 IST
ईरान से रेस्क्यू 290 भारतीय छात्र पहुंचे दिल्ली, 'ऑपरेशन सिंधु' के लिए खोला गया एयरस्पेस; सुबह 10 बजे एक और फ्लाइट करेगी लैंड
इजरायल-ईरान संघर्ष के बीच भारत सरकार के शुरू किए गए अभियान 'ऑपरेशन सिंधु' के तहत पहली चार्टर्ड उड़ान शुक्रवार देर रात दिल्ली पहुंचीं। ईरान के माशहद शहर से रवाना हुई इस फ्लाइट में 290 भारतीय छात्र सवार थे जो सुरक्षित भारत पहुंच गए हैं।
- भारत
- 3 min read

Israel-Iran Conflict: ईरान के माशहद शहर से रवाना हुई पहली चार्टर्ड उड़ान से 290 भारतीय छात्र सुरक्षित भारत पहुंच गए हैं। इनमें से अधिकतर छात्र जम्मू-कश्मीर से हैं। ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच फंसे छात्रों को वापस लाने के लिए सरकार ने 'ऑपरेशन सिंधु' शुरू किया है।
इजराइल और ईरान के बीच 13 जून से संघर्ष जारी है। ऐसे में इजरायल-ईरान में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने अपने नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाने का काम शुरू कर दिया है। 'ऑपरेशन सिंधु' अभियान के तहत शुक्रवार रात लगभग 11 बजकर 40 मिनट पर ईरान के माशहद से पहले चार्टर्ड विमान ने नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा।
‘ऑपरेशन सिंधु’ के लिए ईरान ने खोला एयरस्पेस
जानकारी के अनुसार, कुल 1,000 भारतीय छात्रों को चरणबद्ध तरीके से वापस भारत लाया जा रहा है। भारतीयों की 'घर वापसी' के लिए ईरान की महन एयर की चार्टर्ड फ्लाइट्स की व्यवस्था की गई है।
ईरान के उपराजदूत क्या बोले?
ईरान के उपराजदूत मोहम्मद जवाद हुसैनी ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा, 'हम भारतीयों को अपने ही लोगों की तरह मानते हैं। ईरान का एयरस्पेस सामान्य उड़ानों के लिए बंद है। लेकिन भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी के लिए हम एयरस्पेस को अस्थाई रूप से खोलने का प्रबंध कर रहे हैं।'
Advertisement
उन्होंने आगे बताया, 'पहला विमान शुक्रवार रात दिल्ली पहुंचेगा। इसके बाद शनिवार को दो और विमान भारत के लिए रवाना होंगे।' दूसरा विमान शनिवार की सुबह अशगाबात से रवाना होकर करीब 10 बजे दिल्ली पहुंचेगा। वहीं तीसरा विमान शनिवार शाम भारत पहुंचेगा।
भारत सरकार ईरान सरकार की आभारी- विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय ने ट्वीट कर कहा, ‘ऑपरेशन सिंधु के तहत विमान नागरिकों को घर ले आई। चार्टर उड़ान द्वारा ईरान से 290 भारतीय नागरिकों को निकाला गया, जिनमें छात्र और धार्मिक तीर्थयात्री शामिल थे। यह उड़ान 20 जून को 2330 बजे नई दिल्ली पहुंची और सचिव (CPV और OIA) अरुण चटर्जी ने इसका स्वागत किया। भारत सरकार निकासी प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए ईरान सरकार की आभारी है।’
Advertisement
क्या है ‘ऑपरेशन सिंधु’ ?
बता दें कि ‘ऑपरेशन सिंधु’ का उद्देश्य उन भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालना है जो संघर्ष के बीच ईरान में फंसे हुए हैं। इजरायल और ईरान के बीच लगातार हालात बिगड़ते जा रहे हैं। ऐसे में भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बचाव अभियान 'ऑपरेशन सिंधु' की शुरुआत की है। ताकि छात्रों के साथ-साथ अन्य फंसे हुए भारतीय नागरिकों को भी सुरक्षित वापस लाया जा सके।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 21 June 2025 at 07:08 IST