3 घंटे के अंदर 2 बड़े धमाके... सुरक्षा एजेंसियों के ठिकानों के पास विस्फोट से पंजाब में हड़कंप, अमृतसर से जालंधर तक क्या-क्या हुआ?

पंजाब में महज तीन घंटे के अंतराल में अलग-अलग जगहों पर दो धमाके हुए हैं। हालांकि इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मगर इन दो घटनाओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow : Google News Icon  
Punjab on High Alert After Twin Blasts: CCTV Visuals of Jalandhar Explosion Surface, Fresh Blast Rocks Amritsar
डबल ब्लास्ट के बाद हाई अलर्ट पर पंजाब | Image: Republic

Twin Blast in Punjab: पंजाब में देर रात तीन घंटे के अंदर सुरक्षा एजेंसियों के दो महत्वपूर्ण ठिकानों के आसपास संदिग्ध धमाके हुए जिसने राज्य में दहशत फैला दी है। पहला धमाका जालंधर बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर स्कूटी में हुआ, जो सीसीटीवी में कैद हो गया है। जबकि दूसरा अमृतसर के खासा आर्मी कैंट एरिया के बाहर हुआ। सीमावर्ती राज्य में महज तीन घंटे के भीतर हुई दो घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है।

जालंधर बीएसएफ हेडक्वार्टर के मुख्य गेट के बाहर हुए धमाके का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में देखा गया कि रात करीब 8 बजकर 15 मिनट पर स्कूटर में अचानक से आग लगी और तेज धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि कैंपस की दीवारें तक हिल गईं। बताया जा रहा है कि धमाके की आवाज करीब डेढ़ किलोमीटर दूर तक सुनाई पड़ी।

जालंधर धमाके की जांच में जुटी पुलिस

इलाके में धमाके की आवाज सुनकर पुलिस और बीएसएफ की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। शुरुआती जांच में इसे संदिग्ध विस्फोट माना जा रहा है। इस धमाके में अबतक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। जालंधर पुलिस मामले की छानबीन कर जांच में जुटी हुई है। साथ ही फॉरेंसिक टीम सबूत जुटा रही है।

अमृतसर आर्मी कैंट के पास धमाका

इसी बीच, अमृतसर के खासा इलाके में आर्मी कैंप के बाहरी दीवार के पास दूसरा धमाका हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस धमाके की आवाज देर रात करीब साढ़े 10 बजे सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल हो गया। सहमे लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए।

Advertisement

ग्रेनेड अटैक की जताई जा रही आशंका

पंजाब पुलिस के मुताबिक, किसी व्यक्ति ने बाहर से दीवार की तरफ कुछ फेंका, जिसके बाद यह धमाका हुआ। हालांकि, धमाके से कोई नुकसान नहीं हुआ है। फॉरेंसिक टीमों को जांच में खासा आर्मी कैंट की बाउंड्री बॉल पर लोहे के टिन जैसा कुछ फंसा मिला है, जिससे अंदाजा लगाया गया है कि बाहर से किसी ने धमाका करने के लिए कुछ विस्फोटक अंदर फेंका होगा। इसी के बाद यह तेज धमाका हुआ।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बाइक पर आए नकाबपोश लोगों ने विस्फोटक अंदर फेंका और मौके से भाग निकले। लेकिन जांच के बाद ही पूरा सच सामने आ पाएगा।

Advertisement

मजीठिया ने मान सरकार पर बोला हमला

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता विक्रम सिंह मजीठिया ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मान सरकार पर हमलावर होते हुए कहा कि राज्य में यह अकेली घटना नहीं है। यह लगातार गिरती कानून-व्यवस्था की एक और कड़ी है। मुख्यमंत्री खुद नशे में रहते हैं, उन्हें पता ही नहीं है कि राज्य में क्या हो रहा है।

इस दौरान विक्रम सिंह मजीठिया ने कई अन्य घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब में भय का माहौल बन चुका है। अब बीएसएफ और आर्मी कैंटोनमेंट के पास हुई घटना सिस्टम की विफलता को दर्शाती है। मजीठिया ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से पंजाब की सुरक्षा मजबूत करने के लिए हस्तक्षेप का आग्रह किया। 

यह भी पढ़ें: बंगाल में चुनाव के बाद भारी बवाल, बुलडोजर लेकर पहुंची भीड़ ने TMC ऑफिस में की तोड़फोड़; एक्शन में CEC, बोले- सख्त कार्रवाई होगी
 

Published By :
Priyanka Yadav
पब्लिश्ड