बेड से गिरने से नहीं हुई थी 11 महीने की बच्ची की मौत, माता-पिता ने रची थी झूठी कहानी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला राज

बेंगलुरु के अवलाहल्ली में घरेलू झगड़े के दौरान गुस्से में आकर पिता ने अपनी 11 महीने की बच्ची को ऊंचाई से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। माता-पिता ने इसे बेड से गिरने का हादसा बताया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी पोल खोल दी।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Bengaluru Case
बच्ची की मौत मामले में खुलासा | Image: Pexels

Bengaluru news: बेंगलुरु के अवलाहल्ली (Avalahalli) थाना क्षेत्र में 11 महीने की मासूम बच्ची की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने रूह कंपा देने वाला सच उजागर किया है। बच्ची की मौत कोई साधारण हादसा नहीं थी। माता-पिता ने पुलिस को कहानी सुनाई थी कि स्तनपान कराने के बाद जब मां सो रही थी, तब बच्ची अचानक पलंग से नीचे गिर गई। मेडिकल रिपोर्ट ने उनकी इस मनगढ़ंत कहानी और बर्बरता को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मां की भूमिका की जांच जारी है। मामले में उसे भी आरोपी बनाया गया है।

9 जून को हुई थी बच्ची की मौत

किटागनूर गांव में 9 जून को 11 महीने की बच्ची की मौत संद‍िग्‍ध पर‍िस्‍थितियों में मौत हुई थी। माता-पिता ने दावा किया था कि सोते समय बच्ची पलंग से गिर गई थी और उसे चोटें आईं। हालांकि, जब शव का पोस्टमार्टम किया गया, तो डॉक्टरों की रिपोर्ट ने इस झूठ को पूरी तरह खारिज कर दिया।

पुलिस ने बताया कि बच्ची के चेहरे, छाती, पैरों और गुप्तांगों के पास कई बाहरी चोटें थीं। जांचकर्ताओं ने यह भी पाया कि लगभग दो फुट ऊंचे बिस्तर से गिरने से इतनी गंभीर चोटें नहीं लग सकती थीं। विस्तृत पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट पुलिस को सौंपे जाने के बाद पूरा मामला ही पलट गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, बच्ची के शरीर के अंदरूनी अंगों को बहुत गंभीर नुकसान पहुंचा था और अंदर काफी खून बह चुका था। चोटों के गहरे सदमे (शॉक) और दम घुटने (सांस रुकने) के कारण उसकी मौत हुई। साथ ही, उसकी पसलियां और शरीर की दूसरी हड्डियां भी टूटी हुई मिलीं, जो साफ करती हैं कि अंदरूनी चोटों की वजह से ही मासूम की जान गई।

Advertisement

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने दोबारा गहराई से जांच की। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। साथ ही कई लोगों के बयान दर्ज किए गए। गवाहों के बयानों से पुलिस को मालूम चला कि घटना वाले दिन पति-पत्नी के बीच घर में भारी विवाद चल रहा था। इस दौरान उनकी 11 महीने की बच्ची दोनों के बीच में थी और लगातार रोए जा रही थी।

आपसी झगड़े में मासूम की ली जान

व्हाइटफील्ड के डीसीपी सैदुलु अद्वैत के मुताबिक, झगड़े के बीच गुस्से में पिता ने कथित तौर पर बच्ची को उठाया और ऊंचाई से नीचे फेंक दिया। इतनी ऊंचाई से पटके जाने की वजह से मासूम बच्ची को कई अंदरूनी और बाहरी गंभीर चोटें आईं, जो उसकी मौत का कारण बनीं।

Advertisement

पोस्टमार्टम रिपोर्ट, गवाहों के बयानों और सबूतों के आधार पर अवलाहल्ली थाने के जांच अधिकारी ने हत्या का मामला दर्ज कराने की शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और धारा 3(5) के तहत हत्या का केस दर्ज किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया, जिसे अदालत में पेश करने के बाद जेल (न्यायिक हिरासत) भेज दिया गया है।

पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में बच्ची के पिता और मां दोनों को आरोपी बनाया है। जांच अधिकारियों का कहना है कि मां के खिलाफ सबूत जुटाए जा रहे हैं और पूरी कड़ियों को जोड़ने के बाद ही उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू पर लगातार तफ्तीश कर रही है।

यह भी पढ़ें: जयपुर में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने कई लोगों को रौंदा, 3 मासूम की दर्दनाक मौत
 

Published By:
 Ruchi Mehra
पब्लिश्ड