The Last Salute on Netflix: ‘मिग 21’ की विदाई और 62 बरसों की शानदार यात्रा को नमन करेगी फिल्म ‘द लास्ट सेल्यूट’
The Last Salute on Netflix: लड़ाकू विमान MiG-21 की गत वर्ष 26 सितंबर को भारतीय वायु सेना से आधिकारिक रूप से विदाई हो गई थी। इस विदाई के ठीक 11 महीने बाद नेटफ्लिक्स ‘मिग -21’ की 62 वरसों की शानदार यात्रा पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म The Last Salute दिखाने जा रहा है।
- मनोरंजन समाचार
- 4 min read

भारतीय वायु सेना में लड़ाकू विमान MiG-21 बरसों से दुश्मनों के दांत खट्टे करके उनके लिए तबाही का सबब बनता रहा। पाकिस्तान के साथ 1965 का युद्द हो या फिर 1971 का। सन 1999 का कारगिल युद्द हो या फिर 2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक सभी में, ‘मिग-21’ विमान की अहम भूमिका रही है। लेकिन गत वर्ष 26 सितंबर को इस ऐतिहासिक लड़ाकू विमान की भारतीय वायु सेना से आधिकारिक रूप से विदाई हो गई थी।
इस विदाई के ठीक 11 महीने बाद नेटफ्लिक्स ‘मिग -21’ की 62 वरसों की शानदार यात्रा पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म –‘द लास्ट सेल्यूट’ (The Last Salute) दिखाने जा रहा है। जिसकी स्ट्रीमिंग 26 अगस्त दोपहर से देखी जा सकेगी।
‘ऑपरेशन सफेद सागर’ की टीम ने बनाया
एक घंटे 22 मिनट की ‘द लास्ट सेल्यूट’ का निर्माण-निर्देशन नेटफ्लिक्स की चर्चित वेब सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ (Operation Safed Sagar) की टीम ने ही किया है। कारगिल युद्द और जाँबाज स्कवाड्रन लीडर शहीद अजय आहूजा पर केंद्रित यह वेब सीरीज विश्व भर में बेहद पसंद की जा रही है। अजय आहूजा ने भी अपनी अंतिम उड़ान ‘मिग-21’ से भरी थी। ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ की शूटिंग के दौरान भी इन ‘मिग-21’ विमान का ही इस्तेमाल हुआ। इसके बाद इन लड़ाकू विमानों को सेवा निवृत करके सम्मान के साथ विदाई दे दी गई थी।
‘मिग-21’ को लेकर राजनाथ सिंह और ए पी सिंह की खास बातचीत
चंडीगढ़ में आयोजित इस विदाई कार्यक्रम में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह सहित वायु सेना के कई अन्य शीर्ष अधिकारी मौजूद थे।
Advertisement
फिल्म ‘द लास्ट सेल्यूट’ में उस विदाई समारोह के अहम हिस्सों को तो फिल्मांकित किया ही गया। साथ ही ‘मिग-21’ के सफर और यादों को लेकर राजनाथ सिंह और ए पी सिंह की खास बातचीत भी है। साथ ही पूर्व एयर चीफ मार्शल बी एस धनोआ, रिटायर एयर कमांडर एस एस त्यागी, रिटायर एयर मार्शल एन जे एस ढिल्लों और वायु सेना के जनसम्पर्क अधिकारी विंग कमांडर जयदीप सिंह सहित बहुत से अन्य व्यक्तियों के मिग-21 को लेकर दिलचस्प और मार्मिक इंटरव्यू इस फिल्म में देखे-सुने जा सकेंगे।
मिग 21 के साहसिक कारनामों को नमन करती है फिल्म
इस फिल्म का निर्माण संजय राउतराय, अंतरा श्रीवास्तव और मिहिका राउतराव ने किया है। अंतरा इस फिल्म की सहयोगी निर्देशक भी हैं। जबकि ‘द लास्ट सेल्यूट’ का निर्देशन कुशल श्रीवास्तव ने किया है। बता दें कुशल स्वयं 1999 से 2006 तक भारतीय वायु सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वायु सेना में अपनी सेवाओं के अंतिम दो महीनों में वह ‘मिग-21’ की यूनिट में भी तैनात रहे। इसलिए कुशल के इस फिल्म से भावनात्मक संबंध भी है। कुशल ‘द लास्ट सेल्यूट’ को लेकर बताते हैं- ‘’मिग-21 की विदाई के समय इस लड़ाकू विमान से जुड़े पायलट और अन्य अधिकारियों की जो भावनाएं थीं, उनकी जो यादें, जो दर्द और जो रोमांचक पल थे उन सबको मैंने इस फिल्म में उकेरा है। हमारी यह फिल्म मिग 21 के साहसिक कारनामों और इसके ऐतिहासिक पलों और लंबी यात्रा के मुख्य पड़ावों को तो नमन करती ही है। साथ ही मिग 21 को मेरा यह भावनात्मक सेल्यूट है।‘’
Advertisement
मिग 21 पायलटों से सुनी कहानियाँ सभी के लिए अहम हिस्सा बन गईं
नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज हेड तान्या बामी भी ‘द लास्ट सेल्यूट’ को लेकर अच्छी खासी उत्साहित हैं। तान्या कहती हैं-‘’ऑपरेशन सफेद सागर को देश दुनिया के असंख्य व्यक्तियों के साथ सशस्त्र बलों का भी जिस प्रकार प्रेम और सम्मान मिल रहा है, वह सब देख अच्छा लगता है। अब हम एक और कहानी के माध्यम से भारतीय वायु सेना के साथ अपने सहयोग को आगे बढ़ा रहे हैं। असल में सफेद सागर की शूटिंग के दौरान मिग 21 पायलटों से सुनी गई कहानियाँ सभी के लिए इतना अहम हिस्सा बन गईं थी कि इसकी विरासत को हमने अलग से दिखाने का निर्णय लिया। निश्चय ही मिग 21 उन सभी के लिए एक एयर क्राफ्ट से कहीं ज्यादा था जो बरसों से इससे जुड़े रहे।‘’