जज्बा, जुनून और जायका...हादसे में चले गए दोनों हाथ फिर भी कंटेस्टेंट ने बनाए नूडल, 'मास्टरशेफ इंडिया' में जिसने देखा वो हुआ इमोशनल; VIDEO
MasterChef Season 9: छोटे पर्दे का बड़ा कुकिंग रियलिटी शो 'मास्टरशेफ इंडिया' सीजन 9 में एक कंटेस्टेंट ने जज समेत दर्शकों का ध्यान खींच लिया। बिना हाथ वाले कंटेस्टेंट ने नूडल बना हर किसी को हैरान कर दिया।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

MasterChef Season 9: टीवी का पॉपुलर कुकिंग रियलिटी शो 'मास्टरशेफ इंडिया' अपने नए सीजन के साथ एक बार फिर दर्शकों के बीच लौट आया है। मास्टरशेफ इंडिया' के 9वें सीजन ने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। इसमें देश के कोने-कोने से आए कंटेस्टेंट्स अनोखे भारतीय व्यंजन पेश करते नजर आएंगे। इस बीच शो का नया प्रोमो भी सामने आ चुका है जिसने हर किसी को इमोशनल कर दिया है।
कुकिंग शो में एक ऐसे कंटेस्टेंट आए जिनके दोनों हाथ नहीं है। कंटेस्टेंट ने अपने जज्बे और अटूट हिम्मत से कुकिंग की कला को आगे बढ़ाने का इरादा मजबूत किया। उन्होंने दोनों हाथ गंवाने के बाद कुकिंग जारी रखने के पीछे की वजह भी बताई।
बिना हाथ नूडल बनाते देख जज शॉक्ड
प्रोमो में शो के होस्ट परितोष त्रिपाठी रत्ना तमंग नाम के कंटेस्टेंट को साथ लाते हैं। पहले तो तमंग के दोनों हाथ देख तीनों जज- विकास खन्ना, रणवीर बरार और कुणाल कपूर शॉक्ड रह जाते हैं। इसके बाद जज रणवीर बरार कंटेस्टेंट से उनके बारे में पूछते हैं। तमंग बताते हैं, 'मैं सोशल मीडिया पर खाना बनाने के वीडियो डालता हूं। मैं पहले शेफ का काम करता था। बाद में काम बदल दिया। हाथ गंवाने के बाद मैंने सोचा कुछ तो करना ही पड़ेगा, तो मैंने खाना बनाने का काम ही शुरू किया।'
हादसे में गवाएं दोनों हाथ
तमंग ने अपने साथ हुए हादसे को याद कर बताया, '2015 में इलेक्ट्रिक शॉक लगने की वजह से दोनों हाथ चले गए। ऑपरेशन के बाद इतने ही हाथ बच पाए। सोशल मीडिया पर मेरी वीडियोज को खूब पसंद किया जाता है। मैं आगे बढ़ रहा हूं, देखकर लोग सपोर्ट करते हैं। उसी से मेरा गुजारा होता है।'
Advertisement
तमंग ने कुकिंग का काम ही क्यों चुना?
हादसे के बाद कुकिंग का काम ही क्यों चुना? जज रणवीर बरार के इस सवाल पर रत्ना तमंग ने कहा, 'मेरे पास तीन ऑप्शन थे। पहला- सुसाइड कर लूं, दूसरा- भीख मांगूं, तीसरा- हार न मानकर अपनी कुकिंग की कला को आगे इस्तेमाल करूं। मैंने तीसरा ऑप्शन चुन लिया।'
कुछ इस तरह खाना बनाते हैं तमंग
रत्ना तमंग की कहानी सुन तीनों जज भावुक हो गए। उन्होंने तालियां बजाकर रत्ना के हौसले को सलाम किया। प्रोमो में रत्ना तमंग एक हाथ में हुक पहनकर काम करते हैं। हुक की मदद से वो चाकू, बर्तन समेत अन्य चीजें पकड़ते हैं। इसके बाद वो सब्जी काटते हैं और नूडल पकाते हैं। जब वो कुकिंग कर रहे होते हैं तब तीनों जज उनके काम करने के अंदाज को हैरानी से देखते हैं। आखिर में तमंग स्वादिष्ट नूडल सर्व करते हैं।
Advertisement
स्वाद हाथ में नहीं, सपनों में होता है- जज
जज बरार ने कहा, 'अब तक हम बोलते थे कि आपके हाथ में स्वाद है। आज आपने ये साबित कर दिया कि स्वाद हाथ में भी नहीं होता, स्वाद सपनों में होता है।'
कब और कहां देखें शो?
बता दें कि 'मास्टरशेफ इंडिया सीजन 9' हर सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट चैनल पर टेलीकास्ट होगा। टीवी के अलावा दर्शक इस शो को ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर भी देख सकते हैं।