Ustaad Bhagat Singh: क्यों पवन कल्याण की फिल्म पर पड़ी चुनाव आयोग की नजर? नोटिस हो सकता है जारी

Ustaad Bhagat Singh: बात यहां तक पहुंच गई है कि अब चुनाव आयोग भी फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ के खिलाफ एक्शन ले सकता है।

Pawan Kalyan
पवन कल्याण | Image: Youtube

Ustaad Bhagat Singh: तेलुगु सुपरस्टार पवन कल्याण (Pawan Kalyan) की आगामी फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ विवादों में फंसती नजर आ रही है। मेकर्स ने 19 मार्च को फिल्म का एक टीजर जारी किया था जिसके एक सीन पर बवाल मच गया है। बात यहां तक पहुंच गई है कि अब चुनाव आयोग (Election Commission) भी फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ के खिलाफ एक्शन ले सकता है।

अगर आपने भी फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ का टीजर देखा है तो आपने नोटिस किया होगा कि उसमें चाय के ग्लास का सिंबल था जो पवन कल्याण की पार्टी का प्रतीक है। बस फिर क्या था, अब ये सीन सुर्खियों में आ गया है।

चुनाव आयोग के निशाने पर पवन कल्याण की फिल्म?

गौरतलब है कि देश में इस समय लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर हवा बनी हुई है। चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है जिसके बाद से सभी राज्यों में आदर्श आचार संहिता लग चुकी है। पवन कल्याण की भी एक राजनीतिक पार्टी है जिसका नाम जनसेना है। ऐसे में किसी फिल्म या वीडियो के जरिए किसी पार्टी के सिंबल को प्रमोट करने के लिए उन्हें चुनाव आयोग की इजाजत की जरूरत होगी। 

अब ये मामला लाइमलाइट में आ गया है जिसपर आंध्र प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मुकेश कुमार मीणा ने रिएक्ट किया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए साफ साफ शब्दों में कहा कि आदर्श आचार संहिता लगने के बाद अगर कोई फिल्म या प्रमोशनल वीडियो किसी पार्टी या उसके सिंबल को प्रमोट करना चाहती है तो उसके लिए चुनाव आयोग से पहले से परमिशन लेनी होगी। 

Advertisement

‘उस्ताद भगत सिंह’ की टीम को मिलेगा नोटिस?

उन्होंने आगे कहा कि ये हमारे संज्ञान में आया है कि “फिल्म उस्ताद भगत सिंह के टीजर में चाय के ग्लास के सिंबल को दिखाया गया है। हम पहले टीजर देखेंगे और तब ये फैसला लेंगे कि क्या इसपर एक्शन लेने की जरूरत है। आचार संहिता के दौरान पार्टी सिंबल को प्रमोट करने पर बैन नहीं लगा है लेकिन कंटेंट को पहले चुनाव आयोग को दिखाना होगा”।

मुकेश कुमार मीणा ने अंत में कहा कि “अगर यह राजनीतिक विज्ञापन है तो फिल्म की टीम को एक नोटिस जारी किया जाएगा। इसके लिए उन्हें प्री-सर्टिफिकेशन के लिए अप्लाई करना चाहिए”।

Advertisement

इस बीच बात करें ‘उस्ताद भगत सिंह’ की तो यह तमिल ब्लॉकबस्टर ‘थेरी’ का आधिकारिक रूपांतरण है। मूल फिल्म में दलपति विजय और सामंथा रुथ प्रभु अहम किरदार में नजर आए थे जिसका निर्देशन एटली कुमार ने किया था।

ये भी पढ़ेंः Ajay Devgn के फैंस के लिए बुरी खबर! बोनी कपूर के खिलाफ मुकदमा, लगेगी Maidaan की रिलीज पर रोक?

Published By:
 Sakshi Bansal
पब्लिश्ड