Ajay Devgn के फैंस के लिए बुरी खबर! बोनी कपूर के खिलाफ मुकदमा, लगेगी Maidaan की रिलीज पर रोक?
Boney Kapoor: ये शिकायत उस वेंडर ने कराई है जिसने अजय देवगन की फिल्म ‘मैदान’ की शूटिंग के लिए कैमरे से जुड़े उपकरण उपलब्ध कराए थे।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Boney Kapoor: मशहूर फिल्ममेकर बोनी कपूर अपनी फिल्म ‘मैदान’ (Maidaan) की रिलीज से पहले कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। कपूर और उनकी टीम के खिलाफ एक कैमरा वेंडर ने ब्याज सहित 1 करोड़ रुपये के बकाया बिल का भुगतान न करने का केस दर्ज कराया है।
ये शिकायत उस वेंडर ने कराई है जिसने अजय देवगन (Ajay Devgn) की आगामी फिल्म ‘मैदान’ की शूटिंग के लिए कैमरे से जुड़े उपकरण उपलब्ध कराए थे। मेहेराफ्रिन इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा डिंडोशी के सिटी सिविल कोर्ट में दर्ज कराए गए मुकदमे में फिल्म की स्क्रीनिंग पर रोक लगाने की मांग की गई है जो ईद पर रिलीज होने वाली है।
फिल्म ‘मैदान’ की रिलीज से पहले बोनी कपूर के खिलाफ मुकदमा
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मेहेराफ्रिन इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के एक कैमरा वेंडर निनाद नयामपल्ली ने बोनी कपूर और अन्य निर्माताओं के खिलाफ मुंबई के डिंडोशी में एक सिविल कोर्ट में मामला दायर किया है। वकील नम्रता बियावत ने पोर्टल से इस बारे में खुलासा किया है और बताया कि ये मामला बेव्यू प्रोजेक्ट्स एलएलपी, बोनी कपूर, जी स्टूडियो लिमिटेड, अनुरावा जॉय सेनगुप्ता और आकाश चावला के खिलाफ 1 करोड़ रुपये की भरपाई ना करने के कारण किया गया है।
उन्होंने आगे कहा- हमने फिल्म 'मैदान' की स्क्रीनिंग पर रोक लगाने के लिए अंतरिम राहत की याचिका दायर की है। हमने फिल्म के अधिकार संलग्न करने के लिए भी आवेदन किया है। फिल्म की रिलीज की घोषणा, बिना किसी भुगतान के, हमारे क्लाइंट्स के फाइनेंशियल एग्रीमेंट की अवहेलना का संकेत देती है। सुनवाई कल होगी।
इसी रिपोर्ट में कुछ वॉट्सएप मैसेज के स्क्रीनशॉट भी शेयर किए गए हैं जो कथित तौर पर बोनी कपूर और वेंडर के हैं। इनमें दिख रहा है कि कैसे वेंडर लगातार अपने पैसों के बारे में पूछ रहा था जिसका जवाब फिल्ममेकर ने काफी दिनों बाद दिया और 14/15 अगस्त 2023 को मीटिंग रखने को कहा। हालांकि, दोनों के बीच कथित तौर पर कभी वो मीटिंग हुई ही नहीं।
Advertisement
इस बीच, बोनी कपूर ने इस मामले पर कहा है कि ये उन्हें ब्लैकमेल करने की एक रणनीति है जबकि उन्होंने पहले ही वेंडर को बकाया राशि का भुगतान करने का वादा कर दिया था।
‘मैदान’ की रिलीज में कई बार हो चुकी है देरी
गौरतलब है कि अजय देवगन की फिल्म की रिलीज कई बार टल चुकी है। कभी 2019 में मुंबई चक्रवात ने उनके सेट को नष्ट कर दिया तो कभी कुछ और मसले में फिल्म फंस गई। अब कानूनी मुकदमा दायर हो चुका है जिसमें ‘मैदान’ की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई है।