अपडेटेड 4 January 2026 at 13:04 IST
Thalapathy Vijay की 400 करोड़ी फिल्म 'जन नायकन' में हुई बड़ी भूल? ट्रेलर देख नाराज हुए फैंस, सोशल मीडिया पर सवालों की बाढ़
साउथ सुपरस्टार थलापति विजय की अपकमिंग फिल्म 'जन नायकन' के ट्रेलर में फैंस ने बडी गलती ढूंढ निकाली है। सोशल मीडिया पर सवालों की बाढ़ आ गई है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Thalapathy Vijay: तमिल सुपरस्टार थलापति विजय की अपकमिंग फिल्म 'जन नायकन' को लेकर फैंस में खासा एक्साइटमेंट है। यही वजह है कि इसका ट्रेलर आते ही छा गया। लेकिन ट्रेलर देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने एक ऐसी गलती ढूंढ निकाली, जिससे किरकिरी हो रही है।
दरअसल, ट्रेलर के एक सीन में AI के इस्तेमाल की बात कही जा रही है। यूजर्स ने गूगल जैमिनी (Google Gemini) का लोगो नोटिस किया, जिसके बाद इंटरनेट पर सवालों की बाढ़ आ गई। लोगों का कहना है कि एडिटर एक सीन से एआई वॉटरमार्क हटाना भूल गया है।
ट्रेलर के किस सीन में दिखी गलती?
ट्रेलर में थलापति विजय पुलिसकर्मी का रोल निभा रहे हैं। ट्रेलर के शुरुआती सीन्स में किसी को शॉटगन लोड करते हुए दिखाया गया है। इसके बाद एक छोटे से सीन में गूगल जेमिनी का लोगो दिखाई देता है, जैसा कि ट्विटर पर कई अकाउंट्स की शेयर की गई स्क्रीन रिकॉर्डिंग में देखा जा सकता है।
सोशल मीडिया पर सवालों की बाढ़
एक यूजर ने X पर लिखा, ‘उन्होंने फिल्म बनाने के लिए जेमिनी का इस्तेमाल किया और मजे की बात ये है कि वे ट्रेलर से जेमिनी का लोगो हटाना भूल गए।’
Advertisement
दूसरे यूजर ने लिखा, 'जन नायकन' के ट्रेलर में जेमिनी वॉटरमार्क दिखा। AI अब मेनस्ट्रीम सिनेमा में आ गया है और सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली तमिल फिल्म में इसे देखा गया है। AI का असर सच में बहुत ज्यादा है!'
एक अन्य यूजर ने लिखा, 'लगता है 'जन नायकन' के मेकर्स ऑडियंस को हल्के में ले रहे हैं!! ट्रेलर में लोगो हटाए बिना भी गूगल जेमिनी AI शॉट्स का इस्तेमाल करना चौंकाने वाला है!! इतने सिंपल शॉट्स के लिए AI का इस्तेमाल करना चिंताजनक है और फिल्म मेकिंग के स्टैंडर्ड पर सवाल उठा रहा है!! ऐसी AI फिल्में बनाना और ज्यादा टिकट कीमतें फैंस से वसूलना बिल्कुल गलत है।
Advertisement
एक और यूजर ने लिखा, ''जन नायकन' के ट्रेलर में जेमिनी का लोगो क्यों दिख रहा है। क्या उन्होंने सच में इसके लिए जेमिनी का इस्तेमाल किया या ये गलती से दिख गया?'
एक यूजर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए लिखा, '3 मिनट के ट्रेलर में भी उन्होंने जेमिनी AI से बनाए गए शॉट्स का इस्तेमाल किया और वॉटरमार्क हटाना भी भूल गए। कितनी घटिया फिल्म है 'जन नायकन'।
'जन नायकन' 9 जनवरी को होगी रिलीज
बता दें कि थलापति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' अगले साल सिनेमाघरों में दस्तक देगी। ये 9 जनवरी 2026 को रिलीज होगी। फिल्म में बॉबी देओल, पूजा हेगड़े, प्रकाश राज, ममिता बैजू, नारायण अहम भूमिका में हैं।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 4 January 2026 at 13:04 IST