साउथ सिनेमा के मशहूर एक्टर की कार एक्सीडेंट में मौत, ट्रक से टकराई गाड़ी के उड़े परखच्चे, 31 की उम्र में तोड़ा दम
Bharath Kanth: तेलुगु एक्टर भरत कांत की हैदराबाद में एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। एक्सीडेंट में उनके दोस्त साई त्रिलोक ने भी अपनी जान गंवा दी जो एक सिनेमेटोग्राफर और यूट्यूब आर्टिस्ट थे।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Bharath Kanth Passes Away: तेलुगु एक्टर भरत कांत की हैदराबाद में एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी उम्र केवल 31 साल थी। ये दुर्घटना हैदराबाद के आदिबाटला पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत ORR के एग्जिट नंबर 12 के पास हुई थी जब एक्टर की गाड़ी एक ट्रक से टकरा गई। यह घटना कल रात हुई थी।
इस कार एक्सीडेंट में भरत के दोस्त साई त्रिलोक ने भी अपनी जान गंवा दी जो एक सिनेमेटोग्राफर और यूट्यूब आर्टिस्ट थे। भरत कांत की तरह उनकी भी उम्र 31 साल थी।
कार एक्सीडेंट में भरत कांत की मौत
आदिबाटला पुलिस ने समाचार एजेंसी एएनआई को भरत कांत की मौत की जानकारी देते हुए लिखा- “हमने केस दर्ज कर लिया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रहे हैं।”
सामने आई जानकारी की माने तो, ये सड़क हादसा तब हुआ था, जब भरत कांत और साई त्रिलोक नेल्लोर से हैदराबाद लौट रहे थे। उनकी कार तेज रफ्तार में थी जब वो एक ट्रक से टकरा गई। उन दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसके तहत कहा जा रहा है कि इस एक्सीडेंट के बाद भरत की कार के परखच्चे उड़ गए थे।
Advertisement
भरत शनिवार को गाड़ी से सफर कर रहे थे जब करीब तड़के 3:20 बजे उन्होंने पेद्दाम्बरपेट से ORR पर एंट्री ली और शमशाबाद की ओर जा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस दुर्घटनास्थल पर पहुंची और तुरंत शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। घटना के कारण का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से बरामद मृतकों के फोन और गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर से दोनों की पहचान की थी।
कौन थे भरत कांत?
भरत कांत को तेलुगु फिल्मों और वेब सीरीज में उनके अभिनय के लिए पहचान मिली थी। उन्होंने ‘ग्रामम’ और ‘टेनेंट’ जैसे प्रोजेक्ट्स में लीड रोल निभाया था और ‘गीतांजलि’ और ‘पार्वती परमेश्वरलू’ जैसी वेब सीरीज में भी नजर आए थे। वो एक्टिंग के अलावा, डांसर, यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर भी थे। वो अपने दोस्त त्रिलोक के साथ लगभग 10 साल पहले टॉलीवुड में अपना करियर बनाने के लिए हैदराबाद आए थे। उनके इंस्टाग्राम पर करीब 40,000 फॉलोअर्स और YouTube पर लगभग 30,000 सब्सक्राइबर थे।