Tamil Nadu Stampede: भगदड़ में 39 मौतों पर एक्टर विजय का छलका दर्द, मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान
Tamil Nadu Stampede: करूर में हुई भगदड़ में 39 मौतों पर एक्टर विजय ने दुख जताते हुए 20-20 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Tamil Nadu Stampede: तमिलनाडु के करूर में हुई भगदड़ ने पूरे साउथ फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। साउथ सुपरस्टार विजय थलापति ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। इसके साथ ही पीड़ित परिवारों के लिए 20-20 लाख रुपये देकर मदद करने का वादा किया है। इस ऐलान से जुड़ा हुआ एक्टर ने एक पोस्ट भी शेयर किया है। बता दें कि इस हादसे में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इस दुखद घटना पर विजय के साथ ही बाकी के साउथ स्टार्स जैसे कमल हासन और विशाल ने भी दुख जताया है।
विजय थलापति का दुख और पोस्ट
तमिलनाडु के करूर जिले में विजय थलापति की रैली के दौरान भगदड़ मच गई। इस हादसे में 39 लोगों की जान चली गई है। इसके साथ ही कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना की खबर सामने आते ही पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई थी। अब इस घटना पर विजय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट (X) पर पोस्ट शेयर कर गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा, 'कल करूर में जो हादसा हुआ, उसे सोचकर मेरा दिल बहुत भारी हो गया है। अपने लोगों को खोने का दर्द शब्दों में बयान करना मुश्किल है। जिनसे मैं मिला, उनके चेहरे बार-बार याद आ रहे हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हैं, वे जल्दी ठीक होकर घर लौटें। हमारा तमिलगा वेट्री कजगम उनके इलाज और जरूरी मदद के लिए पूरी तरह साथ है।'
आर्थिक मदद करने का किया वादा
विजय ने इस पोस्ट को शेयर करते हुए पीड़ित परिवारों की मदद करने का वादा किया। उन्होंने पोस्ट में पीड़ित परिवारों की मदद का वादा करते हुए कहा कि हर एक परिवार को 20-20 लाख रुपये दिए जाएंगे। इस कदम से पीड़ित परिवारों को आर्थिक और इमोशनल रूप से सहारा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने भी किया मुआवजे का ऐलान
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मृतकों के परिवार को 10 लाख रुपये और घायलों को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही TVK के करूर वेस्ट डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी वीपी मथियाझागन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
Advertisement
अन्य साउथ स्टार्स ने जताया दुख
विजय के बाद कमल हासन और विशाल ने भी इस हादसे पर शोक जताया है। कमल हासन ने लिखा कि उनका दिल टूट गया है और करूर की घटना सुनकर काफी दुख हुआ। विशाल ने कहा कि टीवीके को मृतकों को मुआवजा देना चाहिए।