अपडेटेड 13 December 2024 at 16:07 IST

किस मामले में हुई अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी? क्या हैं पुष्पा 2 एक्टर पर आरोप? जानिए सबकुछ...

पुष्पा 2 की रिलीज से पहले स्क्रीनिंग के दौरान संध्या थिएटर में भगदड़ मच गई थी, जिसमें एक महिला की मौत हुई। पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया था।

Follow : Google News Icon  
Allu Arjun
Allu Arjun | Image: Pushpa Movie Page/X

Allu Arjun Arrested: पुष्पा 2 के दुनियाभर में मचे धमाल के बीच साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी की बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई। संध्या थिएटर में भगदड़ मामले में हैदराबाद पुलिस ने उन्हें अरेस्ट कर लिया, जिससे उनके चाहने वालों को बड़ा झटका लगा है।

घटना 4 दिसंबर की है। पुष्पा 2 की रिलीज से पहले स्क्रीनिंग के दौरान संध्या थिएटर में भगदड़ मच गई थी, जिसमें एक महिला की मौत हुई। पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया था।

अल्लू अर्जुन को लाया गया पुलिस स्टेशन

शुक्रवार (13 दिसंबर) को हैदराबाद पुलिस अल्लू अर्जुन के घर पहुंची। इसके बाद उन्हें अपने साथ चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन ले आई। जानकारी के अनुसार संध्या थिएटर मामले में पूछताछ के लिए अल्लू अर्जुन को यहां लाया गया है।

क्या है पूरा मामला, जिसकी वजह से हुई गिरफ्तारी?

पूरा मामला 4 दिसंबर का है। पुष्पा 2 की स्क्रीनिंग रखी गई थीं। हैदराबाद के संध्या थिएटर में रात 9.30 बजे ‘पुष्पा 2’ का प्रीमियर शो लगा था। सुकुमार द्वारा निर्देशित फिल्म देखने के लिए फैंस की भारी भीड़ जमा हो गई थी। यहां दिलसुखनगर की रहने वाली रेवती (39) नाम की एक महिला अपने बच्चों के साथ फिल्म देखने पहुंची थीं।

Advertisement

इस दौरान फैंस से मिलने के लिए पुष्पा स्टार अल्लू अर्जुन भी थिएटर पहुंच गए। एक्टर को वहां देखते ही फैंस बेकाबू हो गए। हर कोई उनकी एक झलक पाना चाह रहा था। इसी दौरान हालात बिगड़ गए और वहां भगदड़ मच गई। भगदड़ में कई लोग चोटिल हुए। इस दौरान रेवती भी बेहोश हुई। उसे तुरंत दुर्गाभाई देशमुख अस्पताल ले जाया गया जहां महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं, उसके बेटे को भी एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पुलिस ने दर्ज किया था केस

मामले में अल्लू अर्जुन और थिएटर प्रबंधन पर केस दर्ज कराया गया था। पुलिस ने मामले में अल्लू अर्जुन, उनकी सुरक्षा टीम और थिएटर प्रबंधन के खिलाफ धारा 105 (गैर इरादतन हत्या), 118(1) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) आर/डब्ल्यू 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था। हालांकि हैदराबाद पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मामले को रद्द करने के लिए तेलंगाना उच्च न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया गया था।

Advertisement

मामले में अल्लू से थिएटर के मालिकों में से एक, उसके सीनियर मैनेजर और निचली बालकनी के प्रभारी की भी गिरफ्तारी हुई है।  

अल्लू ने परिवार को 25 लाख देने का किया था ऐलान

अल्लू अर्जुन ने महिला की मौत पर दुख भी जताया था। साथ ही परिवार की सहायता के लिए एक्टर ने 25 लाख रुपये देने की भी घोषणा की थीं। उन्होंने एक वीडियो पोस्ट कर लिखा था, “संध्या थिएटर में हुई दुखद घटना से बहुत दुखी हूं। इस कठिन समय में परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं उन्हें आश्वस्त करना चाहता हूं कि वे इस दर्द में अकेले नहीं हैं और मैं व्यक्तिगत रूप से परिवार से मिलूंगा। मैं इस कठिन सफर से गुजरने में उनकी हर संभव सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।”

गौरतलब है कि अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 का इस समय बॉक्स ऑफिस पर तूफान देखने को मिल रहा है। फिल्म हर दिन रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड तोड़ती नजर आ रही है। रिलीज के महज 8 दिनों के अंदर पुष्पा 2 ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 726 करोड़ और वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर डाली है। इस बीच अल्लू की गिरफ्तारी की खबर ने फैंस को परेशान कर दिया है।

यह भी पढ़ें: रुकेगा नहीं पुष्पा... Pushpa 2 ने 700 करोड़ के क्लब में मारी एंट्री, RRR-KGF 2 के तोड़े रिकॉर्ड्स

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 13 December 2024 at 14:09 IST