पहले अनफॉलो, फिर बर्थडे पर भी विश नहीं, 18 सालों बाद फिर चर्चा में आई अल्लू अर्जुन-राम चरण की लड़ाई! ये हसीना थीं वजह?
Ram Charan-Allu Arjun: राम चरण और अल्लू अर्जुन दोनों टॉलीवुड की मेगा फैमिली का हिस्सा हैं लेकिन उनके बीच मनमुटाव की खबरें सालों से सुनने में आ रही हैं।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Ram Charan-Allu Arjun: राम चरण और अल्लू अर्जुन के बीच मनमुटाव की खबरें एक बार फिर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई हैं। ये पूरा मामला 18 साल पुराना बताया जाता है जिसे लेकर दोनों ही टॉलीवुड सुपरस्टार्स ने आज तक चुप्पी साधे हुए थी लेकिन अब फिर से उनके कथित झगड़े की चर्चा शुरू हो गई है। ये तब शुरू हुआ जब राम चरण ने अपने कजिन अल्लू अर्जुन को उनके बर्थडे पर विश नहीं किया।
पुष्पा 2 स्टार आज यानि 8 अप्रैल को अपना 43वां बर्थडे मना रहे हैं। ऐसे में जहां दुनियाभर से उनके चाहनेवाले उन्हें सोशल मीडिया के जरिए बधाई दे रहे हैं, वहीं उनकी बुआ के बेटे राम चरण और उनकी पत्नी उपासना ने अल्लू अर्जुन के लिए एक पोस्ट भी नहीं किया।
राम चरण ने नहीं किया अल्लू अर्जुन को बर्थडे विश
खबर लिखे जाने तक राम चरण और उपासना की तरफ से सोशल मीडिया पर आर्या स्टार के लिए एक भी पोस्ट नहीं किया गया था। इतना ही नहीं, मेगास्टार और राम चरण के पिता चिरंजीवी ने भी अपने भतीजे के लिए बर्थडे पोस्ट नहीं किया है। बता दें कि कुछ दिन पहले ऐसी खबरें आई थीं कि गेम चेंजर स्टार ने अल्लू अर्जुन और उनकी पत्नी स्नेहा रेड्डी को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है।
ये नेटिजंस के ध्यान में तब आया जब अल्लू अर्जुन के पिता अल्लू अरविंद ने राम की फिल्म ‘गेम चेंजर’ के पिटने पर तंज कसा। हालांकि, बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कह दिया था कि राम चरण उनके बेटे जैसे हैं और उनकी बॉन्डिंग काफी मजबूत है तो इस मामले को यहीं रफा दफा कर दिया जाना चाहिए।
Advertisement
इस एक्ट्रेस की वजह से हुआ अल्लू अर्जुन-राम चरण का झगड़ा?
स्नेहा से शादी करने से पहले अल्लू अर्जुन का दिल कथित तौर पर एक्ट्रेस नेहा शर्मा पर आ गया था। खबरों की माने तो, पुष्पा स्टार उनसे काफी मोहब्बत करते थे और शादी तक करने के लिए तैयार हो गए थे। हालांकि, फिर उनकी रूमर्ड लव स्टोरी में राम चरण की एंट्री हुई। नेहा ने 2007 में राम चरण के साथ तेलुगू फिल्म 'चिरुथा' से डेब्यू किया था। कहा जाता है कि शूटिंग के दौरान नेहा और राम करीब आए और कथित तौर पर एक-दूसरे को डेट करने लगे थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे अल्लू अर्जुन का दिल टूट गया और तभी से उन्होंने नेहा और राम चरण से दूरियां बना ली थीं। इन बातों को 18 साल हो गए हैं लेकिन आज तक तीनों में से किसी ने भी इन खबरों पर रिएक्ट नहीं किया है।