नए साल में फैंस का टूटा दिल, मशहूर एक्टर ने 62 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा; इस गंभीर बीमारी से थे पीड़ित
Kannan Pattambi Dies: मलयालम एक्टर कन्नन पट्टाम्बी ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनके जाने से इंडस्ट्री में शोक की लहर छाई हुई है। इन्होंने दिग्गज एक्टर मोहनलाल संग भी काम किया था।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Kannan Pattambi Dies: नए साल पर मलयालम सिनेमा के फैंस का दिल टूट गया है, इंडस्ट्री से बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर एक्टर कन्नन पट्टाम्बी का निधन हो गया है। तीन दशकों तक पर्दे के सामने और पर्दे के पीछे अपनी पहचान बनाने वाले एक्टर और प्रोडक्शन कंट्रोलर ने 62 वर्ष की उम्र में हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। उनके जाने की खबर ने फैंस और उनके परिवार वालों को गहरा सदमा दिया है।
कन्नन पट्टाम्बी का निधन
मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आ रही है। जाने-माने एक्टर और प्रोडक्शन कंट्रोलर कन्नन पट्टाम्बी का रविवार रात निधन हो गया है। 62 साल की उम्र के कन्नन पट्टाम्बी लंबे समय से किडनी से जुड़ी बीमारी से पीड़ित थे और इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
भाई मेजर रवि ने की निधन की पुष्टि
कन्नन पट्टाम्बी के निधन की पुष्टि उनके बड़े भाई और फिल्ममेकर मेजर रवि ने की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर इस दुखद खबर की जानकारी फैंस और उनके चाहने वालों के साथ शेयर की है। बताया गया कि कन्नन ने कोझिकोड के एक निजी अस्पताल में रात करीब 11:40 बजे आखिरी सांस ली। उनका अंतिम संस्कार सोमवार शाम 4 बजे पट्टाम्बी के नजानगंथिरी स्थित उनके आवास पर किया जाएगा।
मेजर रवि ने फेसबुक पर मलयालम भाषा में एक भावुक पोस्ट शेयर किया। पोस्ट के साथ कन्नन पट्टाम्बी की तस्वीर भी लगाई गई, जिसमें उन्होंने उनके निधन का समय और अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी भी लिखी।
Advertisement
मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में रहा लंबा योगदान
कन्नन पट्टाम्बी कई सालों तक मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े रहे थे। उन्होंने बतौर प्रोडक्शन कंट्रोलर कई बड़ी फिल्मों में काम किया था। कुछ फिल्मों में वह एक्टर के तौर पर भी दिखाई दिए थे। वह अपने भाई मेजर रवि के साथ लंबे समय तक काम करते रहे और उनकी कई फिल्मों के प्रोडक्शन से जुड़े रहे। उनके खास प्रोजेक्ट्स में 'मिशन 90 डेज' शामिल है, जो पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या की जांच पर आधारित थी। एक्टर ने सुपरस्टार मोहनलाल के साथ भी कई फिल्मों में काम किया था। इनमें 'पुलिमुरुगन' खास तौर पर शामिल है, जो बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली पहली मलयालम फिल्म बनी थी।