अपडेटेड 15 January 2025 at 20:05 IST
कन्नड़ अभिनेता Sarigama Viji का 77 की उम्र में निधन, फेफड़े में संक्रमण की समस्या से थे पीड़ित
कन्नड़ अभिनेता आर. विजय कुमार का बुधवार को निधन हो गया। आर. विजय कुमार को उनके रंगमंच नाम ‘सारिगामा विजी’ के नाम से भी जाना जाता था। वह 77 वर्ष के थे।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

कन्नड़ अभिनेता आर. विजय कुमार का बुधवार को निधन हो गया। आर. विजय कुमार को उनके रंगमंच नाम ‘सारिगामा विजी’ के नाम से भी जाना जाता था। वह 77 वर्ष के थे।
आर. विजय कुमार के बेटे रोहित ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उनके पिता फेफड़े में संक्रमण की समस्या से पीड़ित थे और उनका मल्लेश्वरम स्थित मणिपाल अस्पताल में इलाज चल रहा था।
उन्होंने कहा, ‘‘जब वह बीमार पड़े तो हमने सोचा कि यह मौसमी संक्रमण है। लेकिन, पिछले सात दिनों में स्थिति बिगड़ती चली गई और आज सुबह करीब साढ़े नौ बजे उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया जिसके चलते उनकी मृत्यु हो गई।’’
विजी ने 1975 में कन्नड़ फिल्म 'बेलुवलदा मदिलल्ली' में बतौर अभिनेता अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने कन्नड़ में 269 फिल्मों में अभिनय किया और करीब 80 फिल्मों में सहायक निर्देशक के तौर पर भी काम किया।
Advertisement
हालांकि, उन्हें उनके रंगमंच नाटक ‘संसारदल्ली सारिगामा’ के लिए ज्यादा जाना जाता है, जिसका निर्देशन और अभिनय उन्होंने ही किया था। उनके बेटे ने बताया कि उनके थिएटर ग्रुप यशस्वी ने इस नाटक का 1,390 से ज्यादा बार मंचन किया है, न सिर्फ बेंगलुरु में बल्कि हैदराबाद, चेन्नई, दिल्ली और मुंबई में भी।
विजी का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को दोपहर में किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को आज रात 10 बजे तक महालक्ष्मीपुरम स्थित उनके आवास पर रखा जाएगा, ताकि उनके प्रशंसक उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें।
Advertisement
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 15 January 2025 at 20:05 IST