अपडेटेड 17 March 2026 at 08:03 IST
अल्लू शिरीष के डायमंड चोकर से लेकर विजय देवरकोंडा के गोल्डन हार तक, कैसे साउथ एक्टर्स ने मेन ज्वेलरी को किया ‘नॉर्मल’
चाहे अल्लू शिरीष हो या विजय देवरकोंडा, शादी पर दोनों ने जिस तरह अपने हर आउटफिट के साथ ज्वेलरी को स्टाइल किया है, वो मेन फैशन में एक बहुत बड़ा 'रिवोल्यूशन' जैसा है।
- मनोरंजन समाचार
- 4 min read

बीते दिनों साउथ फिल्म इंडस्ट्री में दो बड़े कलाकारों की शादी हुई जिनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर धमाल मचा रही हैं। जहां फैंस आमतौर पर ब्राइडल लुक देखने के लिए ज्यादा बेताब रहते हैं, वहीं इस बार सारी लाइमलाइट दूल्हे राजा यानि ग्रूम ने लूट ली। चाहे अल्लू शिरीष हो या विजय देवरकोंडा, शादी पर दोनों ने जिस तरह अपने हर आउटफिट के साथ ज्वेलरी को स्टाइल किया है, वो मेन फैशन में एक बहुत बड़ा ‘रिवोल्यूशन’ जैसा है।
मार्केट में बहुत से फीमेल ज्वेलरी ब्रांड आ चुके हैं। सोने-चांदी से लेकर स्टोन और डायमंड ज्वेलरी काफी ट्रेंड में छा रही हैं। हालांकि, अब ज्वेलरी जेंडर-स्पेसिफिक (लिंग-आधारित) नहीं रहीं। जिस तरह अब आदमी भी अलग-अलग मौकों पर एक्सेसरी पहनकर मेन ज्लेवरी को सामान्य बनाने की कोशिश कर रहे हैं, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आने वाले दिनों में ये एक बहुत बड़ा फैशन ट्रेंड बनने वाला है जिसकी शुरुआत न्यूली वेड ग्रूम अल्लू शिरीष और विजय देवरकोंडा ने कर भी दी है।
विजय देवरकोंडा की टेंपल वेडिंग ज्वेलरी
जब रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने अपनी तेलुगु वेडिंग की तस्वीरें शेयर कीं, तब फैंस ने जो सबसे पहली चीज नोटिस की, वो थी एक्टर की ज्वेलरी। विजय ने कई चेन पहनने के बजाय, एक टेंपल नेकलेस पहना। इसपर कोई रत्न नहीं जड़े थे, ये बारीक नक्काशी वाला एक बड़ा सा गोल्डन नेकलेस था जिसकी शेप ही इसकी खासियत थी। इसी तरह के उनके ईयररिंग्स, कड़ा और बाजूबंद भी थे जिन्हें बनाने में 10 महीने लगे। उनके लुक में महालक्ष्मी की नक्काशी और हाथी-बाघ के डिजाइन देखने को मिले। इसकी मैट एंटीक फिनिशिंग ने सोने की चमक को कम कर दिया, जिससे प्राकृतिक रोशनी में नक्काशी की गहराई उभर कर सामने आई।
खास बात ये थी कि विजय ने शादी पर ही नहीं, अपने हर प्री-वेडिंग फंक्शन पर अपनी एक्सेसरी के साथ एक्सपेरिमेंट किया जो हर मेन के लिए किसी फैशन इंस्पिरेशन से कम नहीं है। जैसे संगीत नाइट पर उन्होंने पन्ना हार पहना था जो आमतौर पर महिलाओं को पहने देखा जाता है। मेहंदी पर भी विजय ने अपने इंडो-वेस्टर्न आउटफिट को एक पेंडेंट नेकलेस के साथ स्टाइल किया।
Advertisement
अल्लू शिरीष का डायमंड चोकर हुआ वायरल
इसी महीने की शुरुआत में ‘पुष्पा’ स्टार अल्लू अर्जुन के भाई अल्लू शिरीष दूल्हा बने। उन्होंने नयनिका रेड्डी के साथ लव मैरिज की थी। कपल ने भी तेलुगु रीति-रिवाजों से हमेशा के लिए एक-दूजे का हाथ थाम लिया है। अल्लू शिरीष ने मेन ज्वेलरी को लेकर बने स्टीरियोटाइप को सबसे पहले अपनी सगाई पर तोड़ा जब उन्होंने सफेद शेरवानी के साथ एक डायमंड चोकर पहना। उनके इस लुक को लेकर लोगों ने तरह-तरह के रिएक्शन दिए थे जिसपर एक्टर ने कहा कि प्राचीन समय में हमारे महाराजा और मुगल भी चोकर पहना करते थे।
फिर आया उनकी प्री-वेडिंग रिसेप्शन जहां उनका लुक लाइमलाइट में आ गया। वाइफ सूट के साथ उनका डायमंड चोकर सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहा। इसे लेकर उन्हें ट्रोल भी किया गया लेकिन एक्टर का कहना है कि उन्हें इस चीज से फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि जबतक कोई ज्वेलरी पहनने की शुरुआत नहीं करेगा, तबतक बदलाव कैसे आएगा। हालांकि, नॉर्म तोड़ने के चक्कर में ऐसा नहीं है कि अल्लू शिरीष ने कुछ भी पहन लिया हो, इसके पीछे कई महीनों की मेहनत है। उन्होंने हर आउटफिट के हिसाब से ही ज्लेवरी चुनी थी।
Advertisement
अपनी शादी वाले दिन भी अल्लू शिरीष ने ट्रेडिशनल आउटफिट पर एक पारंपरिक मोती और कुंदन का हार पहना। उनकी इस फैशन चॉइस और स्टीरियोटाइप तोड़ने की पहल को सोशल मीडिया पर भी काफी सराहा जा रहा है।
प्राचीन परंपरा की वापसी?
जिस तरह अल्लू शिरीष और विजय देवरकोंडा ने अपनी जिंदगी के सबसे खास दिनों पर मेन ज्लेवरी पहनकर ना केवल एक फैशन ट्रेंड सेट किया है, बल्कि ये भी याद दिलाया है कि पुराने समय में भी राजा-महाराजा आभूषणों के शौकीन रह चुके हैं। ये कोई मॉडर्न ट्रेंड नहीं, बल्कि देखा जाए तो प्राचीन परंपरा की वापसी है। दोनों एक्टर्स ने साबित किया है कि मर्द भी भारी गहने पहन सकते हैं।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 17 March 2026 at 08:03 IST