सुप्रीम कोर्ट में राजपाल यादव का 'कॉमेडी अवतार', जज के सुझाव पर दिया ऐसा जवाब कि सभी मारने लगे ठहाके - VIDEO
राजपाल यादव बुधवार को अदालत में पेश हुए, जहां उन्होंने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) से बातचीत के दौरान अपनी आगामी फिल्म का ऐलान किया। इस फिल्म का शीर्षक ‘सोलह सावन झेल के’ रखा गया है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read
बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव बुधवार को अपने 2010 के चेक बाउंस मामले के सिलसिले में सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए। कोर्ट रूम का माहौल आमतौर पर गंभीर रहता है, लेकिन इस सुनवाई के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत और राजपाल यादव के बीच काफी हल्की-फुल्की और दिलचस्प बातचीत देखने को मिली।
'16 सावन झेल के' खुद के दर्द पर बना रहे हैं फिल्म
सुनवाई के दौरान CJI ने मुस्कुराते हुए राजपाल से सवाल किया, "कुछ नया बना रहे हो या नहीं?" इस पर अभिनेता ने बेहद हाथ जोड़कर और बेबाकी से जवाब दिया, "सर प्रणाम करता हूं। दो-ढाई सौ फिल्में की हैं और पिछले 13 साल में दो-ढाई सौ करोड़ का नुकसान भी झेल चुका हूं। 2010 में आई फिल्म 'अता पता लापता' में मेरा 17 करोड़ रुपये डूबा था। इतने सालों में मेरी काफी बदनामी हुई और मैं खुद एक ड्रामा बन चुका हूं।"
राजपाल ने अपनी आने वाली नई फिल्म का ऐलान करते हुए कहा कि वह 2010 से 2016 के बीच अपने कानूनी संघर्ष और मुश्किलों पर ही फिल्म बना रहे हैं, जिसका टाइटल उन्होंने 'सोलह सावन झेल के' तय किया है।
CJI की सलाह और चुटकी
राजपाल यादव का दर्द सुनने के बाद CJI सूर्यकांत ने उन्हें दिलासा देते हुए कहा, 'कोई अच्छी सी फिल्म बनाकर लोगों का भरपूर मनोरंजन करो, आपकी इज्जत दोबारा वापस बन जाएगी।' इसके साथ ही CJI ने चुटकी लेते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट में भी कई वकील बहुत बेहतरीन एक्टर हैं, उन्हें भी अपनी फिल्म में कोई रोल दे दीजिए।
Advertisement
सुप्रीम कोर्ट से फिर मिली राहत
कानूनी मोर्चे पर भी अभिनेता को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। राजपाल यादव खुद 1.15 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। उन्होंने कोर्ट को आश्वस्त किया कि बकाया 85 लाख रुपये वह अपनी पुश्तैनी जायदाद बेचकर जमा करेंगे और 13 अक्टूबर तक पूरी रकम चुका देंगे। अदालत ने उनकी इस बात को स्वीकार करते हुए फिलहाल उन्हें राहत दे दी है।