अपडेटेड 14 February 2026 at 19:11 IST
रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह के बाद एक्ट्रेस हिमांशी खुराना को मिली धमकी, गैंगस्टर जीशान अख्तर ने की 10 करोड़ की डिमांड
बॉलीवुड के बाद अब पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के सितारों को जान से मारने की धमकी मिल रही है। ऐसे में एक्ट्रेस हिमांशी खुराना को भी जान से मारने की धमकी मिली है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Himanshi Khurana Death Threat News: पंजाब की मशहूर अभिनेत्री और सिंगर हिमांशी खुराना को गैंगस्टर जीशान अख्तर की ओर से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। इस धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
10 करोड़ की रंगदारी और जान से मारने की धमकी
जानकारी के मुताबिक, हिमांशी खुराना को यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई, जिसमें उनसे 10 करोड़ रुपये की मांग की गई। धमकी भरे संदेश में गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई थी। मामले की शिकायत मिलते ही पंजाब पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है।
मोहाली के एसपी (डी) सौरभ जिंदल ने बताया कि सोहाना थाना पुलिस स्टेशन में धारा 308 (4) और 351 (3) के तहत केस दर्ज किया गया है। एफआईआर में आरोपी के तौर पर गैंगस्टर जीशान अख्तर का नाम शामिल किया गया है, जो फिलहाल विदेश में रहकर अपना नेटवर्क चला रहा है।
किस गैंग से जुड़ा है जीशान अख्तर?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जीशान अख्तर फिलहाल लॉरेंस बिश्नोई के विरोधी गैंग, यानी गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा के साथ जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। यही वजह है कि इस धमकी को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है।
Advertisement
गौरतलब है कि जीशान अख्तर पहले से ही बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में वांटेड चल रहा है।
कौन हैं हिमांशी खुराना?
हिमांशी खुराना पंजाब की जानी-मानी अभिनेत्री और गायिका हैं। उन्होंने पंजाबी फिल्म ‘सड्डा हक’ में लीड रोल निभाकर खास पहचान बनाई थी। इसके अलावा वे रियलिटी शो बिग बॉस 13 में भी नजर आ चुकी हैं, जहां उनकी पॉपुलैरिटी काफी बढ़ी। शो के दौरान उनका रिश्ता मॉडल और एक्टर आसिम रियाज से चर्चा में रहा, जो दिसंबर 2023 तक चला।
Advertisement
रणवीर सिंह को भी मिली थी धमकी, तो रोहित शेट्टी के घर चली गोलियां
मुंबई क्राइम ब्रांच ने पुष्टि की थी कि रणवीर सिंह को भेजा गया वॉइस नोट गैंगस्टर हैरी बॉक्सर की आवाज में था, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जाता है। इस वॉइस नोट में रणवीर सिंह को खुलेआम धमकी देते हुए कहा गया था कि उनके करीबी लोगों की पूरी जानकारी गैंग के पास है। इससे पहले डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर भी फायरिंग हुई थी।
लगातार मिल रही हैं बॉलीवुड सितारों को धमकियां
यह पहला मामला नहीं है। हाल के दिनों में कई बॉलीवुड और पंजाबी इंडस्ट्री से जुड़े सितारों को गैंगस्टरों की ओर से धमकियां मिल चुकी हैं। जनवरी में मशहूर सिंगर बी-प्रक और उनके साथी सिंगर दिलनूर को धमकी दी गई थी। वहीं हाल ही में बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह को भी व्हाट्सएप पर धमकी भरा वॉइस नोट भेजा गया था।
पुलिस अलर्ट, सुरक्षा बढ़ाई गई
हिमांशी खुराना को मिली धमकी के बाद पंजाब पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही साइबर सेल और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में अहम खुलासे हो सकते हैं।
Published By : Samridhi Breja
पब्लिश्ड 14 February 2026 at 19:00 IST