370 रुपये की बिरयानी कॉन्ट्रोवर्सी पर फूटा कथावाचक अनिरुद्धाचार्य का गुस्सा, बोले- कॉमेडी के नाम पर फूहड़ता परोसी जा रही है, लड़के खुलेआम...
कथावाचक अनिरुद्धाचार्य का प्रणित मोरे के शो के 370 रुपये की बिरयानी वाले जोक पर गुस्सा फूटा है। उन्होंने कॉमेडी के नाम पर फूहड़ता परोसे जाने की बात कही है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

हाल ही में कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में हिमांशु जांगड़ा नाम के एक युवक द्वारा 370 रुपये की बिरयानी के बदले लड़की से वसूली करने की बात पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले पर मशहूर कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और युवाओं की इस सोच को समाज के लिए हानिकारक बताया है। उन्होंने इसे फूहड़ता करार देकर, रोके जाने को कहा है।
कॉमेडी के नाम पर अश्लीलता का प्रदर्शन
अनिरुद्धाचार्य ने इस मामले में नाराजगी जताते हुए कहा कि आज के समय में कॉमेडी के नाम पर समाज में गलत संदेश फैलाया जा रहा है। उन्होंने वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि जब कोई युवा खुलेआम यह कहता है कि 370 रुपये की बिरयानी खिलाने के बाद वह उसकी वसूली करेगा, तो इससे देश के बाकी युवाओं पर भी गलत प्रभाव पड़ेगा। उनके अनुसार, यह सोच युवाओं को गलत दिशा में ले जा रही है।
चरित्र पर गंभीर सवाल
महाराज ने इस मुद्दे को केवल पैसों का नहीं, बल्कि मानसिक विकृति का मामला बताया। उन्होंने तीखे सवाल करते हुए कहा कि 370 रुपये वसूलने के बहाने लड़की के चरित्र के साथ खिलवाड़ करने की बात करना बेहद घिनौनी मानसिकता है। उन्होंने चिंता जाहिर की कि ऐसी फूहड़ता को रोकने के लिए कोई भी आगे नहीं आ रहा है।
पुलिस ने की कार्रवाई
इस पूरे मामले ने तूल तब पकड़ा जब राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लिया। हरियाणा के गुरुग्राम और महाराष्ट्र में कॉमेडियन प्रणित मोरे और हिमांशु जांगड़ा के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।