अपडेटेड 28 April 2025 at 11:54 IST
पहलगाम हमले के बाद वीडियो बनाकर विवादों में आने वाली नेहा सिंह राठौर की मुश्किलें बढ़ीं, दर्ज हुई FIR; क्या है पूरा मामला?
Neha Singh Rathore: पहलगाम आतंकी हमले पर कमेंट करना नेहा सिंह राठौर को भारी पड़ गया। उनके खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने में राजद्रोह का केस दर्ज हो गया।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Neha Singh Rathore: पहलगाम आतंकी हमले पर कमेंट करना लोकगायिका और यूट्यूबर नेहा सिंह राठौर को भारी पड़ गया। उनके खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने में राजद्रोह का केस दर्ज हो गया है। ये FIR गुडंबा के कवि अभय प्रताप सिंह ने दर्ज कराई है। लखनऊ के अलावा, दिल्ली में भी वकील अमिता सचदेवा ने नेहा के खिलाफ साइबर क्राइम साउथ डिवीजन में शिकायत दर्ज करा दी है।
हजरतगंज थाने में बीएनएस की 11 धाराओं के तहत नेहा सिंह राठौर के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। आरोप साबित होने पर नेहा की गिरफ्तारी भी हो सकती है। अभय का आरोप है कि पहलगाम हमले के बाद से ही नेहा अपने सोशल मीडिया हैंडल से आपत्तिजनक टिप्पणी कर रही हैं।
नेहा सिंह राठौर के खिलाफ FIR
नेहा सिंह राठौर के खिलाफ उनके बयानों से ‘दो समुदायों के बीच तनाव बढ़ने’ का आरोप लगाया गया है। पाकिस्तानी मीडिया भी नेहा का वीडियो शेयर कर भारत सरकार पर निशाना साध रही है। उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 196 (1) (ए) एवं (बी), 197(1) (ए), (बी), (सी) एवं (डी), 353(1) (सी), 353(2), 302, 152 देशद्रोह (राजद्रोह) और सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम 2008 की धारा 69 ए के तहत FIR दर्ज है।
अभय ने आरोप लगाया है कि ‘नेहा के वीडियो में सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश की गई है और भारत और पीएम नरेंद्र मोदी के मान सम्मान को तार तार करने का प्रयास किया गया है’।
Advertisement
दूसरी ओर, अमिता सचदेवा ने आरोप लगाया कि ‘भारत विरोधी भावनाओं को फैलाने में नेहा की संदिग्ध भूमिका है। पहलगाम आतंकवादी हमले से जुड़े उनके पोस्ट को पाकिस्तानी मीडिया द्वारा प्रचारित किया गया, जो भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए संभावित खतरा है’।
नेहा सिंह राठौर का FIR पर फूटा गुस्सा
अब इन FIR पर नेहा सिंह राठौर का रिएक्शन भी सामने आ गया है। उन्होंने सवाल किया कि “पहलगाम हमले के जवाब में सरकार ने अबतक क्या किया है? मेरे ऊपर FIR? अरे दम है तो जाइये और आतंकवादियों के सिर लेकर आइये! सरकार मेरे ऊपर FIR करवाकर असली मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है।”
Advertisement
नेहा सिंह राठौर ने क्या कहा था?
नेहा ने अपने विवादित वीडियो में कहा था कि ''एक फोन कॉल से दूसरे देशों में युद्ध रुकवाने वाले अपने देश में आतंकवादी हमला नहीं रोक पाए। लोग कह रहे हैं कि ऐसी बातों पर राजनीति और सवाल नहीं करो तो किस बात पर सवाल करूं? आतंकवादी हमले में देश के लोग मारे जा रहे हैं तो सवाल किस मुद्दे पर करूं?''
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 28 April 2025 at 11:50 IST