देर रात हुए सड़क हादसे में 30 साल की मॉडल ने गंवाई जान, डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, CCTV में कैद घटना
Harshil Kalia Death: एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय मॉडल हर्षिल कालिया के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। बाद में पास के अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Harshil Kalia Death: एक्ट्रेस-मॉडल हर्षिल कालिया की एक कार एक्सीडेंट में मौत हो गई। ये घटना सोमवार रात (23 मार्च) की बताई जा रही है जब उनकी कार का कंट्रोल खो गया और वो डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है जिसमें दिख रहा है कि कैसे उनकी कार बुरी तरह पलट जाती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सड़क हादसे के बाद 30 वर्षीय हर्षिल कालिया के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। बाद में पास के अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
एक्ट्रेस-मॉडल हर्षिल कालिया की सड़क हादसे में मौत
सामने आई जानकारी की माने तो, हर्षिल कालिया देर रात काम से लौट रही थीं, तभी अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। ये हादसा जयपुर में शिप्रा पथ रोड पर हुआ था।
इस हादसे के तुरंत बाद अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग जमा हो गए। पलटी हुई कार से घायल हर्षिल कालिया को बाहर निकाला गया। वे एक्ट्रेस को पास के एक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि हर्षिल कालिया के सिर पर कई गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही शिप्रा पथ थाना पुलिस और एक्सीडेंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
Advertisement
कौन थीं हर्षिल कालिया?
हर्षिल कालिया को वेब सीरीज 'क्राइम नेक्स्ट डोर' और कई राजस्थानी म्यूजिक वीडियो में काम करने के लिए जाना जाता था। इसके अलावा, उन्होंने मॉडलिंग में भी अपना करियर शुरू किया था। इंस्टाग्राम पर उनके काफी तादाद में फॉलोअर्स थे। ऐसे में उनकी अचानक हुई मौत से फैंस सदमे में आ गए हैं और सोशल मीडिया के जरिए एक्ट्रेस और मॉडल को ट्रिब्यूट दे रहे हैं।
बता दें कि पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। वो CCTV फुटेज खंगाल रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।